बालोद पुलिस की बड़ी चूक: कस्टडी से भागी चोरी की आरोपी, तीन आरक्षकों पर SP का सख्त एक्शन

बालोद, 09 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस महकमे से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। चोरी के आरोप में हिरासत में लाई गई एक महिला पुलिस को चकमा देकर कोतवाली थाना परिसर से फरार हो गई। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए बालोद पुलिस अधीक्षक (SP) ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, चोरी के मामले में आरोपी रेखा सोरी को पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में रखा गया था। इसी दौरान वह पुलिस की निगरानी से निकलकर फरार हो गई। घटना के सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने तत्काल जांच शुरू की।

इन तीन आरक्षकों पर गिरी कार्रवाई

एसपी ने प्रथम दृष्टया ड्यूटी में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर आरक्षक शिव कुमार ध्रुव, पूर्णिमा ठाकुर और उमेश निषाद को निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

एडिशनल एसपी ने क्या कहा?

एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि आरोपी महिला रेखा सोरी को चोरी के मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। कुछ दिन पहले वह पुलिस को चकमा देकर कोतवाली थाना परिसर से फरार हो गई। घटना के समय ड्यूटी पर तैनात तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

उन्होंने बताया कि फरार महिला की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। आरोपी के खिलाफ फरारी का एक और मामला दर्ज किया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

पुलिस का कहना है कि महिला की तलाश लगातार जारी है और आसपास के क्षेत्रों में भी सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस हिरासत में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com