बिलासपुर में कोयला चोरी का बड़ा खुलासा: 30 टन हाई-क्वालिटी कोयला, 3 ट्रेलर और रोलर मशीन जब्त, 4 गिरफ्तार

बिलासपुर में कोल डिपो की आड़ में हाई-क्वालिटी के कोयले की धड़ल्ले से चोरी हो रही है। पुलिस ने कोयले में मिलावट करने पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कोल डिपो संचालक समेत चार आरोपियों को फिर गिरफ्तार किया है। कोल डिपो संचालक व उसके साथियों ने एसईसीएल की खदान से निकले उच्च गुणवत्ता वाले जी-11 कोयले को रास्ते में उतारकर उसकी जगह गिट्टी मिश्रित निम्न गुणवत्ता का कोयला भेज दिया। पुलिस ने जांच के बाद तीन ट्रेलर, एक रोलर मशीन और करीब 30 टन कोयला भी जब्त किया है। मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, श्यामा विहार निवासी कप्तान सत्यनारायण राशि स्टील एंड पावर लिमिटेड में कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि कंपनी ने एसईसीएल कोरबा से 30 हजार टन उच्च गुणवत्ता वाले जी-11 ग्रेड कोयले का ऑर्डर दिया था। जिसे एसएम इंटरप्राइजेस के माध्यम से परिवहन कर कोयला उनकी कंपनी में पहुंचाया जा रहा था। 17 जून की रात से सुबह के बीच प्लांट में तीन ट्रेलर में कोयला पहुंचा, जिसकी जांच में खराब और मिलावटी कोयला पाया गया। जांच में सामने आया कि ट्रेलर क्रमांक सीजी-10-ईसी-5488, सीजी-10-बीटी-6138 और सीजी-15-ईजी-5055 में एसीसीएल की खदान से जी-11 ग्रेड का कोयला लोड किया गया था, लेकिन प्लांट पहुंचने तक उसमें मिलावट कर दी गई थी।
डिपो में हो जाती थी मिलावट, फिर रकम का होता था बंटवारा
जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने ट्रेलर ड्राइवर जयकांत यादव को पकड़कर पूछताछ की, तब उसने बताया कि ट्रेलर मालिक, निखिल साहू और कोल डिपो संचालक आकाश सिंघल के साथ मिलकर यह पूरा खेल किया जाता था। एसईसीएल से लोड उच्च गुणवत्ता वाले कोयले को बेलतरा टोल प्लाजा के पास स्थित आकाश सिंघल के कोल डिपो में उतार दिया जाता था। इसके बाद वहां रखे निम्न गुणवत्ता वाले कोयले और गिट्टी को रोलर मशीन से मिक्स कर ट्रेलरों में भरकर राशि प्लांट भेज दिया जाता था। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि इस अवैध कारोबार से मिलने वाली रकम का आपस में बंटवारा किया जाता था।
कोयला चोरी और मिक्सिंग का मास्टरमाइंड है आकाश
कोयला चोरी और कोयला मिक्सिंग के मामले में गिरफ्तार कोल डिपो संचालक आकाश सिंघल पहले भी इस तरह से कोयला चोरी और मिक्सिंग करते पकड़ा गया था। जिस पर पुलिस ने पहले भी उसके खिलाफ कार्रवाई की थी। हालांकि, हर बार कार्रवाई के बाद कुछ समय शांत रहने के पश्चात वह दोबारा उसी कारोबार में सक्रिय हो जाता है।
कोयला चोरों पर पुलिस की लगातार कार्रवाई
इधर, पुलिस ने पिछले कुछ दिनों से कोयला चोरी, अवैध परिवहन और मिक्सिंग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कोयला चोरी और अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा आगे भी अभियान जारी रहेगा।
खनिज विभाग के अफसरों की मिलीभगत की आशंका
जिले में अवैध कोल डिपो और मिक्सिंग का खेल पिछले लंबे समय से चल रहा है। जानकारों का कहना है कि कई स्थानों पर संचालित डिपो में रात के अंधेरे में कोयले की चोरी और मिक्सिंग का काम होता है। इस अवैध कारोबार में खनिज विभाग के अफसरों की मिलीभगत की आशंका है। यही वजह है कि खनिज विभाग के अधिकारी कोल डिपो की जांच तक नहीं करते। जबकि, डिपो के लाइसेंस कोयला भंडारण से लेकर हर काम की देखरेख का जिम्मा खनिज विभाग पर है। इसके बाद भी कोल डिपो में गिट्टी, मुरुम और कोयला डस्ट के भंडारण पर कार्रवाई नहीं की जाती।
डिपो संचालक समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
- आकाश सिंघल (कोल डिपो संचालक), निवासी देवरीखुर्द बिलासपुर
- जयकांत यादव (चालक), निवासी गढ़वा, झारखंड
- सुनीत यादव (वाहन मालिक), निवासी अशोक नगर, बिलासपुर
- सूरज सिंह (वाहन मालिक), निवासी दीपका, कोरबा











