धमतरी: खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, राजमिस्त्री ठेकेदार की मौके पर मौत

धमतरी: जिले के ग्राम सिलौटी निवासी 55 वर्षीय राजमिस्त्री ठेकेदार अर्जुन राम साहू (पिता स्व. पोखरू राम) की सड़क हादसे में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रथम दृष्टया यह हादसा लापरवाही का मामला नजर आ रहा है, जिसमें सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली मौत का कारण बन सकती है.

मिली जानकारी के अनुसार, अर्जुन राम साहू बुधवार को अपने गांव में संत माता कर्मा जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए थे. इसके बाद शाम करीब 4 बजे वे अपने एक रिश्तेदार को छोड़ने पेंडरवानी (जिला बालोद) गए थे. वापसी के दौरान शाम लगभग 6:30 बजे ग्राम कंवर के पास उनकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि उनके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

हादसे के बाद राहगीरों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस चौकी कंवर को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए गुरुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया. गुरुवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.

घटना की जानकारी उस समय और स्पष्ट हुई जब मृतक के एक रेजा (मजदूर) ने अगले दिन के काम की पुष्टि के लिए अर्जुन राम साहू के मोबाइल पर फोन किया. फोन पुलिस ने उठाया और हादसे की जानकारी दी, जिसके बाद यह खबर धीरे-धीरे परिजनों और ग्रामीणों तक पहुंची.

ग्रामीण इलाकों में लापरवाही बन रही जानलेवा

ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर देखा जाता है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली, हार्वेस्टर, जेसीबी जैसे भारी वाहन सड़क किनारे या आधी सड़क पर ही खड़े कर दिए जाते हैं. कई बार इन पर न तो रिफ्लेक्टर होते हैं और न ही कोई चेतावनी संकेत, जिससे रात या शाम के समय ये वाहन नजर नहीं आते और हादसों का कारण बनते हैं.

प्रशासन और ग्रामीणों के लिए यह जरूरी है कि सड़क किनारे वाहन खड़े करते समय पर्याप्त दूरी और सुरक्षित स्थान का चयन किया जाए. वाहनों पर रिफ्लेक्टर, रेडियम टेप या चेतावनी संकेत अनिवार्य रूप से लगाए जाएं. रात के समय पार्किंग के दौरान इंडिकेटर या चेतावनी लाइट का उपयोग किया जाए.

गांव में पसरा मातम

चैत्र नवरात्र और हिंदू नववर्ष के पहले दिन हुई इस दुखद घटना से ग्राम सिलौटी में शोक की लहर है. एक मेहनतकश ठेकेदार की असमय मौत ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है. फिलहाल पुलिस मामले की बारीकी से जांच में जुटी हुई है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close