हेलमेट उतारने के बाद ट्रेलर की चपेट में आई बाइक राइडर, मौत: धमतरी के मरकाटोला घाट में हादसा; 23 युवतियां बस्तर जा रही थीं

रायपुर से कांकेर-बस्तर जा रहे बाइक राइडर्स के समूह में शामिल 24 वर्षीय युवती की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा धमतरी मुख्यालय से करीब 24 किलोमीटर दूर पुरूर थाना क्षेत्र के मरकाटोला घाट के पास हुआ। मृतका की पहचान मुंबई के कांदिवली निवासी रिद्धि ठक्कर के रूप में हुई है। वह 23 बाइक राइडर्स के समूह के साथ यात्रा कर रही थीं।

रिद्धि बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे रायपुर से अन्य साथियों के साथ निकली थीं। बताया गया कि धमतरी पार करने के बाद वह कुछ देर के लिए हेलमेट उतारकर बाइक चला रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

साथ चल रहे बाइक राइडर्स ने डायल-112 की मदद से उन्हें चारामा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें धमतरी जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।

समूह से पीछे रह गई थीं रिद्धि

पुलिस के अनुसार बाइक राइडर्स का समूह कुल 20 बाइकों पर यात्रा कर रहा था। इनके साथ तीन लोग कार में भी थे। धमतरी पार करने के बाद करीब 17 बाइक राइडर्स आगे निकल गए, जबकि रिद्धि समेत तीन राइडर्स पीछे रह गईं। इसी दौरान मरकाटोला घाट के पास ट्रेलर की चपेट में आने से हादसा हो गया।

रिद्धि सुरक्षा उपकरणों के साथ रेसिंग बाइक चला रही थीं। उनकी बाइक का नंबर एमएच 12 एसपी 0835 बताया गया है। समूह में रायपुर और नागपुर की युवतियां भी शामिल थीं। हादसे की खबर मिलते ही साथ यात्रा कर रही अन्य युवतियां सदमे में आ गईं।

मरकाटोला घाट को माना जाता है ब्लैक स्पॉट

जिस स्थान पर हादसा हुआ, वह मरकाटोला घाट दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। धमतरी से चारामा के बीच मरकाटोला घाट के अलावा बालोदगहन मोड़, जगतरा, ओना-कोना मोड़, चिटौद नाला और पुरूर चौक जैसे स्थानों पर भी सड़क हादसों का खतरा बना रहता है।

इस मार्ग पर बड़ी संख्या में ढाबे और होटल हैं। कई जगह सड़क के दोनों ओर भारी वाहन खड़े किए जाने से यातायात प्रभावित होता है। स्थानीय स्तर पर इन संवेदनशील स्थानों पर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की जरूरत बताई जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com