बलरामपुर: गोठान की भूमि पर भाजपा नेता का कब्जा, स्थगन आदेश के बाद भी जारी है निर्माण कार्य

बलरामपुर: वाड्रफनगर विकासखंड के ग्राम पंचायत कछिया में शासकीय मद की गोठान भूमि पर भाजपा नेता द्वारा कब्जा कर मकान निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है. ग्रामीणों ने बताया कि यह भूमि शासन की गोठान योजना के अंतर्गत चिन्हित है, जिस पर भाजपा नेता अनूप गुप्ता द्वारा कब्जा कर मनमाने तरीके से निर्माण कार्य कराया जा रहा है.

ग्रामीणों ने इसकी शिकायत महीनों पूर्व तहसील कार्यालय चलानगी एवं एसडीएम वाड्रफनगर से की थी, जिसके बाद तहसीलदार चलगली द्वारा उक्त भूमि पर निर्माण कार्य रोकने के लिए स्थगन आदेश भी जारी किया गया था. बावजूद इसके, भाजपा नेता के द्वारा प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी करते हुए निर्माण कार्य जारी रखा गया है.

ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस की मिलीभगत के कारण आरोपी के हौसले बुलंद हैं. एसडीएम कार्यालय के चक्कर काटने के बाद भी ग्रामीणों को न्याय नहीं मिल पा रहा है. उल्टा, शिकायत करने वाले प्रार्थी को ही चेतावनी दी जा रही है.

इस पूरे मामले में कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने कहा है कि मामले की जांच कराई जा रही है, जांच उपरांत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. ग्रामीणों ने शासन से मांग की है कि गोठान भूमि को कब्जामुक्त कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति शासकीय भूमि पर इस तरह से कब्जा करने का दुस्साहस न करे तथा शासकीय भूमि सार्वजनिक हित के लिए काम आ सके.

पूरे मामले में वाड्रफनगर एसडीएम नीरनिधि निधि नदेहा से टेलीफोन एक जानकारी हेतु कॉल किया गया था, परंतु फोन ना उठाने के कारण उनका पक्ष नहीं लिया जा सका.

close