अवैध खनन पर बीजेपी विधायक का गोल-मोल जवाब: ‘अहिवारा बिखरेगा, टूटेगा’

प्रदेश में बीजेपी सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर शनिवार को अहिवारा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बीजेपी विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने पत्रकारों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अहिवारा विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का ब्यौरा दिया, लेकिन जब बात क्षेत्र में लंबे समय से जारी अवैध उत्खनन की आई तो विधायक का जवाब गोल-मोल नजर आया। पत्रकारों द्वारा अहिवारा में हो रहे अवैध मुरम उत्खनन पर सवाल किया। इस पर विधायक कोर्सेवाड़ा ने जवाब कुछ और दिया। विधायक कोर्सेवाड़ा ने कहा कि अहिवारा में किसी के पास न पट्टा है और न ही रजिस्ट्री। इसको सोचिएगा।

विधायक से सवाल, जवाब दे रहे थे पूर्व पालिका अध्यक्ष

बीजेपी शासन के दो साल पर पूरे होने पर बीजेपी विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में किए गए कार्यों की जानकारी दे रहे थे। लेकिन अहिवारा में पत्रकारों ने जब अहिवारा के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा से सवाल पूछा तो सवालों का जवाब अहिवारा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष रविशंकर सिंह देने लगे। इस दौरान विधायक चुपचाप खड़े नजर आए।

सवाल कुछ किया और जवाब कुछ दिया सवाल : अहिवार में अवैध मुरम उत्खनन के बारे में आप क्या कहेंगे- दो साल के कार्यकाल में इतना कार्य अवैध हुआ है, अभी भी जारी है। विधायक : एक चीज बता दूं। अहिवारा की जो संपत्ति है, किसी के पास न पट्टा है और न ही रजिस्ट्री है। इसको सोचिएगा। उसको हम अवैध नहीं मानते हैं। अवैध तो पूरा बस्ती है। वो जमीन तो बीएसपी की है। पूर्व पालिका अध्यक्ष : विधायक की बात को बीच में ही काटते हुए रविशंकर सिंह ने कहा कि वो जमीन मेरे ही कार्यकाल में, मैंने ही हंस्तातरण करवाया था। 337 एकड़ जमीन भिलाई स्टील प्लांट से रजिस्ट्री करवाकर हमने लिया। और उसके बाद से हमने 25 साल पहले व्यवस्था की थी। सवाल : बिना रायल्टी पर्ची के बिना किसी अनुमति के मुरम की खुदाई हो रही है? पूर्व पालिका अध्यक्ष : मुरम खुदाई की बात नहीं हो रही है, ये पालिका क्षेत्र की बात हो रही है। सवाल : कोई खेत के नाम से खुदाई कर रहा है, कोई सौंदर्यीकरण के नाम से कर रहा है, कोई गहरीकरण के नाम से खुदाई कर रहा है। अलग-अलग बहाने बनाए जा रहे हैं। पूर्व पालिका अध्यक्ष : उसमें जो आपत्ति आती है, उस पर कार्रवाई होती है। सवाल : कार्रवाई नहीं हो रही है। विधायक : देखो भाई साहब कोई प्रश्न ही नहीं उठता उसपे, कोई अधिकार नहीं है सरकार के पास। आप सब बसे हो, पूरा अहिवारा बिखरेगा, टूटेगा, तैयार हो ? देखो ऐसा मत कहो, जो बस गए वो बस गए। सवाल : अवैध उत्खनन करके जो मुरम बेच रहे हैं, उनके बारे में क्या कहेंगे? विधायक : मुरुम खनन के बारे में मैंने कलेक्टर से बात करके जब्ती करवाया हूं। मैं उसका पक्षधर नहीं हूं। न रेत के न मुरम के।

विवाद पर बोले- विधायक का हैसियत कोई समझा नहीं, मैं विधायक हूं न? मुझे कागज मिलना चाहिए था

वहीं अहिवारा पालिका सीएमओ और पालिका अध्यक्ष के साथ चल रहे विवाद के संबंध में जब पत्रकारों ने अहिवारा के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा से सवाल किया तो उन्होंने कहा कि पालिका में किसी भी तरीके का कोई विवाद नहीं है। पालिका में अच्छे से काम चल रहा है। वहीं सीएमओ के खिलाफ हुई शिकायत और जांच के संबंध में सवाल पर विधायक ने कहा कि मैं, विधायक हूं न?, मेरे को कागज मिलना चाहिए था। मुझे एक आवेदन नहीं मिला। विधायक का हैसियत समझे नहीं कोई। इसलिए इस पर मैं जवाब नहीं दूंगा।

दो सालों में 292 करोड़ के विकास कार्य हुए

पत्रकारों से चर्चा के दौरान अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा ने बताया कि अहिवारा विधानसभा में दो वर्षों में अब तक 292 करोड़ 58 लाख 52 हजार रुपए का विकास कार्य हुआ है। इसमें वर्ष 2024 में जहां 123 करोड़ 78 लाख रुपए के विकास कार्य हुए तो वहीं 2025 में 168 करोड़ 80 लाख रुपए के विकास कार्य हुए हैं। आगे यह विकास कार्य जारी रहेगा। अहिवारा में जो बड़े कार्य हो रहे हैं उनमें विधायक कोर्सेवाड़ा ने बताया कि शासकीय हाई स्कूल मुरमुंदा में हायर सेंकड्री स्कूल की शुरुआत की जाएगी। अछोटी डाईट में शासकीय बीएड कॉलेज खुलेगा और अहिवारा के नागरिक कल्याण कॉलेज में पीजी की कक्षाएं शुरू की जाएगी। इसके अलावा बानबरद में हाई स्कूल, जलाशयों का जिर्णोद्वार, उप पंजीयक कार्यालय समेत अन्य कार्य किए जा रहे हैं।

close