मुंबई लोकल में फिर खूनी संघर्ष, कड़े से वार कर फोड़ा यात्री सिर, पीड़ित बोला- मुझे चलती ट्रेन से फेंक रहे थे…

मुंबई लोकल में कुछ ही दिन पहले 24 वर्षीय मयंक लोहार की चाकू मारकर हुई हत्या का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि एक और रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आ गई है. सीएसएमटी/परेल से अंबरनाथ जा रही लोकल ट्रेन के लगेज डिब्बे में सीट विवाद को लेकर यात्रियों के बीच जमकर खून बहा. इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें यात्री डिब्बे के भीतर लहूलुहान हालत में चीखते-चिल्लाते नजर आ रहे हैं. इस हिंसक झड़प में दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

लगेज कोच में सफर कर रहे प्रितेश कनौजिया नामक यात्री का विवाद राजू वाघे और साहिल खांडारे से हो गया. रेलवे का दावा है कि इस घटना में किसी चाकू या धारदार हथियार का इस्तेमाल नहीं हुआ था. दरअसल, मारपीट के दौरान एक व्यक्ति के हाथ में पहने भारी धातु के कड़े (Metal Kada) से ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे राजू और साहिल के सिर पर गंभीर चोटें आईं. विवाद पहले कनौजिया और वाघे के बीच हुआ था, जिसमें वाघे की मदद करने आए साहिल को भी आरोपी ने लहूलुहान कर दिया.

पीड़ित यात्री की आपबीती: ‘मुझे चलती ट्रेन से नीचे फेंक रहे थे’

अंबरनाथ हादसे के पीड़ित घायल यात्री ने अस्पताल से अपनी आपबीती (बाइट) साझा करते हुए घटना का खौफनाक मंजर बयां किया. पीड़ित ने बताया, “काम खत्म करने के बाद मैंने ट्रेन पकड़ी थी. दिवा स्टेशन के बाद ट्रेन काफी खाली हो गई थी. जब डोंबिवली से कुछ लोग चढ़े, तो पूरी ट्रेन और साइड सीटें खाली थीं. वे सीधे मेरे पास आए और बोले- ‘तू सो कैसे रहा है?’ मैंने कहा कि मैं उठ जाता हूं. मैं उठ ही रहा था कि उन्होंने हाथ का भारी कड़ा निकाला और मेरे सिर पर कई वार कर दिए, जिससे खून बहने लगा.”

पीड़ित ने आगे बताया, “हमलावर के साथ एक लंबा-गठीला व्यक्ति भी था जो कहने लगा कि इसे बहुत चोट लग गई है, अब भागो. जब मैंने एक हमलावर का कॉलर पकड़ा, तो वे मुझे चलती ट्रेन से बाहर फेंकने की कोशिश करने लगे. किस्मत अच्छी थी कि ठाकुरली स्टेशन आते ही 4-5 युवक डिब्बे में चढ़ गए और उन्होंने मुझे बचाया और हमलावरों को पीटा.”

कल्याण स्टेशन पर पुलिस एक्शन, घायल सायन रेफर

जैसे ही रात 12:30 बजे लोकल ट्रेन कल्याण रेलवे स्टेशन पर पहुंची, वहां पहले से मुस्तैद जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने मोर्चा संभाला. पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत डिब्बे से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद स्ट्रेचर की मदद से रुक्मिणीबाई अस्पताल भेजा. हालांकि, एक यात्री के सिर में अत्यधिक गहरा घाव होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए मुंबई के सायन अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. जीआरपी कल्याण ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है. पुलिस वायरल वीडियो और ठाकुरली स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com