मैहर में सांडों का खूनी संघर्ष: एंबुलेंस समेत कई वाहन क्षतिग्रस्त, राहगीरों में मची अफरा-तफरी

मैहर: शहर की सड़कों पर आवारा सांडों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है. इंदिरा कॉलेज के सामने दो सांडों के बीच हुई भीषण भिड़ंत ने राहगीरों की जान जोखिम में डाल दी. इस लड़ाई के दौरान सड़क पर खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जिसमें एक एंबुलेंस भी शामिल है. घटना का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.

बीच सड़क पर युद्ध, एंबुलेंस भी नहीं बची

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सोमवार को इंदिरा कॉलेज के पास अचानक दो सांड आपस में भिड़ गए. दोनों के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क पर खड़े दोपहिया और चार पहिया वाहन उनकी चपेट में आकर टूट गए. सबसे चिंताजनक बात यह रही कि मरीजों को लाने-ले जाने वाली एक एंबुलेंस भी इस संघर्ष का शिकार हुई और क्षतिग्रस्त हो गई. घटना के दौरान मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई और काफी देर तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा.

दहशत में दुकानदार और राहगीर

सांडों के इस हिंसक रूप को देख आसपास के दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए. स्थानीय लोगों की सतर्कता के कारण कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था. मंगलवार को जब इस घटना का वीडियो सामने आया, तो नागरिकों में असुरक्षा का भाव और गहरा गया है.

अस्पताल से लेकर बाजार तक सांडों का कब्जा

यह कोई पहली घटना नहीं है जब शहर में सांडों ने आतंक मचाया हो. कुछ समय पूर्व जिला अस्पताल परिसर के भीतर भी दो सांड आपस में भिड़ गए थे, जिससे मरीजों और तीमारदारों में हड़कंप मच गया था. आए दिन व्यस्त बाजारों में होने वाली इन भिड़ंतों के कारण कई लोग घायल हो चुके हैं.

हाका गैंग की निष्क्रियता पर उठे सवाल

शहरवासियों का आरोप है कि नगर निगम की ‘हाका गैंग’ केवल कागजों पर काम कर रही है. आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए अब तक कोई ठोस अभियान नहीं चलाया गया. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द ही इन आवारा सांडों को पकड़कर शहर से बाहर या कांजी हाउस भेजा जाए, ताकि लोग निडर होकर सड़कों पर चल सकें.

close