खुशियों के बीच खूनी संघर्ष: रीवा में बरहौं कार्यक्रम के दौरान युवक पर गैती से हमला, सदमे से गई आवाज

रीवा: शहर के बिछिया थाना अंतर्गत नारायण चक्की क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. जहाँ एक ओर परिवार में नन्हे मेहमान के आगमन की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं पुरानी रंजिश के चलते पड़ोसी ने जानलेवा हमला कर दिया. हमले के बाद युवक की हालत इतनी गंभीर हो गई कि उसकी आवाज निकलना बंद हो गई है. पीड़ित को अचेत अवस्था में संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

जानकारी के अनुसार, बिछिया निवासी गेंदालाल बंसल के घर में उनके नाती के जन्म के उपलक्ष्य में ‘बरहौं’ का कार्यक्रम चल रहा था. घर में मेहमान जुटे थे, डीजे बज रहा था और मंगल गीत गाए जा रहे थे. इसी बीच पड़ोस में रहने वाले आरोपी से जमीन के पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई.

पीड़ित की मां चंद्रकली बंसल ने बताया कि आरोपी विवादित जमीन पर खुदाई करने लगा. परिवार ने मिन्नतें कीं कि “आज घर में उत्सव है, मेहमान आए हैं, आप कल खुदाई कर लेना.” लेकिन आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और तैश में आकर हाथ में ली हुई गैती के हत्थे से गेंदालाल के सीने पर जोरदार प्रहार कर दिया.

हमले के बाद गुम हुई आवाज

परिजनों के मुताबिक, गैती का प्रहार इतना तेज था कि गेंदालाल दीवार से जा टकराया और वहीं अचेत होकर गिर पड़ा. जब उसे होश आया, तो वह कुछ भी बोल पाने में असमर्थ था. उसकी आवाज पूरी तरह गायब हो चुकी है. आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.

अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि युवक के सीने पर गहरा आघात लगा है. मारपीट की इस घटना के बाद से मरीज बोल नहीं पा रहा है. फिलहाल उसका उपचार जारी है और मेडिकल जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी कि आवाज जाने का मुख्य कारण गहरा  सदमा.

20 साल पुराना है विवाद

परिजनों का आरोप है कि आरोपी के साथ जमीन को लेकर पिछले 20 वर्षों से विवाद चल रहा है. पिछले तीन दिनों से मकान निर्माण को लेकर तनाव और बढ़ गया था. पीड़ित पक्ष ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है और मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com