ऑपरेशन विश्वास से रायपुर में अपराधियों पर शिकंजा, 82 वारंटी गिरफ्तार; 17.30 लाख की सामग्री जब्त

रायपुर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास के तहत व्यापक अभियान चलाया। 24 से 30 अगस्त तक उत्तर, पश्चिम और मध्य जोन में चले इस अभियान के दौरान स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के साथ अवैध शराब, मादक पदार्थ और हथियारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में करीब 17 लाख 30 हजार रुपए की सामग्री जब्त की।

82 वारंटियों की गिरफ्तारी

एक सप्ताह चले अभियान के दौरान पुलिस ने स्थायी वारंट के 82 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आबकारी एक्ट के तहत 167 मामले दर्ज कर 167 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा धारा 170 बीएनएस के तहत 203 और धारा 126/135 बीएनएस के तहत 211 मामलों में कार्रवाई की गई।

गांजा, नशीली गोलियां और हेरोइन बरामद

अभियान के दौरान पुलिस ने तीनों जोन से 273 पव्वा देशी शराब, 60.339 किलोग्राम गांजा, 1,590 प्रतिबंधित नशीली गोलियां और 10.59 ग्राम हेरोइन बरामद की। पश्चिम जोन में सबसे बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए गए। यहां नशीले पदार्थों के साथ तीन मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद किया गया।

20 चाकू और धारदार हथियार जब्त

सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। आर्म्स एक्ट के तहत 20 मामले दर्ज कर 20 आरोपियों पर कार्रवाई हुई। उनके कब्जे से 20 चाकू और अन्य धारदार हथियार बरामद किए गए। इनमें उत्तर जोन से 2, पश्चिम जोन से 12 और मध्य जोन से 6 हथियार जब्त किए गए।

गुंडा और निगरानी बदमाशों की जांच

पुलिस ने आदतन अपराधियों, गुंडा बदमाशों और निगरानी बदमाशों की भी चेकिंग की। उत्तर जोन में 62 गुंडा बदमाशों और 32 निगरानी बदमाशों की जांच की गई। पुलिस के मुताबिक अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ ऑपरेशन विश्वास के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close