सुबह की बेइज्जती का दोपहर में खूनी बदला, सोते मजदूर की पीट-पीटकर हत्या

कोरबा में सोमवार दोपहर एक मजदूर की लकड़ी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना शहर के ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे बने चबूतरे पर हुई, जहां मृतक मजदूर नशे की हालत में सो रहा था। आरोपी ने उसके सिर पर लगातार कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात का वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार मृतक राजेश महाराज (40) मजदूरी करता था और रोज की तरह ओवरब्रिज के नीचे काम की तलाश में बैठा था। वहीं भरत साहू (38) नामक युवक आसपास घूमकर जीवन यापन करता था और उसे नशे की लत थी। पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद और मारपीट हो चुकी थी।

बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह भरत नशे की हालत में कपड़े उतारकर घूम रहा था। इस पर राजेश ने उसे रोका और उसकी पिटाई कर दी। इसी बात से नाराज होकर भरत ने दोपहर में सो रहे राजेश पर लकड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी मौके से भाग निकला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com