बिलासपुर में 3 दिन से लापता किन्नर का तालाब में मिला शव, हत्या या हादसा जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता किन्नर सागर पासी उर्फ शैगी (28) का शव पेंडारी गांव में मुरुम खदान से बने तालाब में मिला है। शव करीब 72 घंटे पुराना बताया जा रहा है और पानी में पड़े रहने के कारण डिकंपोज होना शुरू हो गया था। शरीर पर चोट के निशान स्पष्ट नहीं होने से पुलिस फिलहाल हत्या और हादसा, दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।

पुलिस को मंगलवार को तालाब में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने शव को बाहर निकलवाया। उसकी पहचान मन्नू चौक निवासी सागर पासी के रूप में हुई।

दोस्त के साथ कोरी डैम गया था सागर

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि सागर रविवार सुबह स्कूटी लेकर घर से निकला था। वह एक साथी के साथ कोटा के कोरी डैम गया था, जहां दोनों ने शराब पी। वापस लौटते समय गनियारी से फिर शराब खरीदी और पेंडारी तालाब के पास बैठकर रात करीब 9 बजे तक शराब पी।

कार सवार दो युवकों से हुई थी आखिरी बातचीत

जांच के मुताबिक, तालाब के पास कार सवार दो युवक पहुंचे थे। उन्होंने सागर से सिगरेट मांगी, जिसके बाद वह उनके पास जाकर बातचीत करने लगा। कुछ देर बाद सागर ने मोबाइल बंद होने की बात कहते हुए अपना मोबाइल और स्कूटी साथी को सौंप दी और उसे घर जाने के लिए कहा।

इसके बाद सागर के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। तीन दिन बाद उसका शव तालाब में बरामद हुआ।

किन्नर समुदाय ने जताई हत्या की आशंका

सागर वर्ष 2019 से किन्नर समुदाय के साथ रह रहा था। क्षेत्र में पहले भी किन्नर की हत्या की घटना हो चुकी है। इसके अलावा किन्नर समुदाय के बीच वर्चस्व को लेकर विवाद की बात भी सामने आई है। इसी वजह से समुदाय के लोगों ने सागर की हत्या की आशंका जताई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

एडिशनल एसपी पंकज पटेल के मुताबिक, शव करीब 72 घंटे पुराना होने के कारण डिकंपोज हो चुका है। इससे शरीर पर चोट के निशान स्पष्ट नहीं हो पा रहे हैं। पुलिस तकनीकी जांच के साथ घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

पुलिस कार सवार दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सागर की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close