तलाकशुदा महिला को प्रेमी ने छोड़ा, छह माह की गर्भवती होकर न्याय की लगाई गुहार

 शिवपुरी : मायापुर थानांतर्गत ग्राम जनकपुर की एक तलाकशुदा महिला को इंटरनेट मीडिया के जरिए करैरा के ग्राम झंडा निवासी युवक प्रिंस ठाकुर से प्रेम हो गया। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने साथ रहने का फैसला लिया। करीब आठ माह तक इंदौर में एक साथ पति-पत्नी की तरह रहने के बाद जब महिला छह माह की गर्भवती हुई, तो प्रेमी उसे मायके छोड़कर वर्ण भेद का हवाला देते हुए भाग गया।

महिला का आरोप है कि प्रिंस अब उससे पल्ला झाड़ रहा है और उसके परिजन उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता ने मायापुर और करैरा थाने में शिकायत की, लेकिन दोनों थानों ने एक-दूसरे के क्षेत्राधिकार का हवाला देकर उसे लौटा दिया। मायापुर थाने में केवल आवेदन लेकर जांच की बात कहकर टाल दिया गया। परेशान होकर बुधवार को पीड़िता एसपी ऑफिस पहुंची, लेकिन वहां से भी उसे मायापुर थाने जाने की सलाह दे दी गई।

 

महिला की शादी पहले पिछोर क्षेत्र में हुई थी, लेकिन आपसी सहमति से वह अपने पहले पति से अलग हो गई थी। इसके बाद उसकी पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से प्रिंस से हुई। आठ माह साथ रहने के दौरान जब महिला गर्भवती हो गई, तो आधार कार्ड बनवाने के बहाने वह उसे मायके छोड़कर भाग गया।
इस पूरे मामले पर करैरा थाना प्रभारी विनोद छावई ने कहा कि महिला हमारे पास आई थी, लेकिन मामला मायापुर थाने का होने के कारण हमने वहीं भेज दिया। फिलहाल पीड़िता को न्याय नहीं मिल सका है और वह थानों के चक्कर काटने को मजबूर है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close