सूरजपुर में रिश्वतखोर SDO रंगे हाथों गिरफ्तार: तालाब का बिल पास करने के लिए मांगे थे 15 हजार, सरगुजा ACB की टीम ने की कार्रवाई

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने बुधवार शाम एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) विभाग के SDO ऋषिकांत तिवारी को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। अधिकारी ने मत्स्य विभाग की योजना के तहत स्वीकृत तालाब निर्माण का बिल पास करने के लिए रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB की सरगुजा टीम ने जाल बिछाकर उसे धर दबोचा।

जानकारी के अनुसार, प्रेमनगर ब्लॉक के नवापारा खुर्द गांव निवासी दिगंबर सिंह को मत्स्य विभाग द्वारा तालाब निर्माण की स्वीकृति मिली थी। इसके लिए ₹1.82 लाख की राशि स्वीकृत हुई थी, जिसका मूल्यांकन RES विभाग को करना था। दिगंबर सिंह ने काम पूरा कर बिल पास कराने के लिए आवेदन किया, लेकिन SDO ऋषिकांत तिवारी ने फाइल आगे बढ़ाने के लिए ₹15 हजार की मांग कर दी।

ग्रामीण ने रिश्वत मांगने की शिकायत सरगुजा ACB में दर्ज कराई। जांच के बाद टीम ने योजना के तहत शिकायतकर्ता के घर पर ट्रैप की तैयारी की। बुधवार शाम करीब 7 बजे जब SDO दिगंबर सिंह के घर रिश्वत लेने पहुंचे, तो जैसे ही उन्होंने केमिकल लगे नोट स्वीकार किए, ACB टीम ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी को अंबिकापुर ACB कार्यालय लाया गया, जहां आगे की पूछताछ जारी है। बताया जा रहा है कि ऋषिकांत तिवारी को एक माह पहले ही सब इंजीनियर से पदोन्नति देकर SDO बनाया गया था, लेकिन प्रमोशन के बाद ही वह भ्रष्टाचार में पकड़ा गया।

ACB अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही उसके बैंक खातों और संपत्तियों की भी जांच की जाएगी।

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com