अमरनाथ यात्रा ड्यूटी पर जा रही BSF बस हादसे का शिकार, कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी; 2 जवान घायल

Jammu & Kashmir News: श्री अमरनाथ यात्रा की तैयारियों के बीच जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले से एक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. अमरनाथ यात्रा ड्यूटी के लिए जम्मू से अनंतनाग जा रही सीमा सुरक्षा बल यानी बीएसएफ की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई. यह हादसा रामबन जिले के पीराह इलाके में उस समय हुआ, जब बस यात्रा ड्यूटी के लिए तैनात किए जा रहे जवानों को लेकर आगे बढ़ रही थी.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बीएसएफ की बस पहले एक मारुति अर्टिगा वाहन से टकराई और इसके बाद सड़क किनारे मौजूद एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी. हादसे के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया गया.

इस दुर्घटना में बीएसएफ के दो जवान घायल हुए हैं. घायलों की पहचान हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हेड कांस्टेबल अरवीन कुमार और बिहार के रहने वाले एएसआई संजीत कुमार के रूप में हुई है. दोनों जवानों को तुरंत जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. राहत की बात यह है कि दोनों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.

हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम

वहीं जिस मारुति अर्टिगा कार से बस की टक्कर हुई थी, उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं. किसी भी नागरिक के घायल होने की सूचना नहीं है. हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और सड़क को यातायात के लिए बहाल करने का काम शुरू कर दिया गया.अधिकारियों के मुताबिक, सड़क की अप-ट्यूब को साफ कर वाहनों की आवाजाही सामान्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ. गौरतलब है कि आगामी श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है.

घाटी में हो रही जवानों की तैनाती

इसी सिलसिले में बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवानों की घाटी में तैनाती की जा रही है. ऐसे में यात्रा ड्यूटी पर जा रहे जवानों की बस के साथ हुआ यह हादसा चिंता का विषय जरूर है, हालांकि राहत की बात यह है कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और सभी जवान सुरक्षित हैं. फिलहाल घायल जवानों का इलाज जारी है और प्रशासन सड़क पर यातायात पूरी तरह बहाल करने में जुटा हुआ है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com