रायपुर में हाई अलर्ट के बीच बुलडोजर कार्रवाई, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में तोड़ा गया विवादित ढांचा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह प्रशासन ने सेंट पॉल स्कूल परिसर के पास स्थित विवादित निर्माणाधीन सामुदायिक भवन पर बुलडोजर कार्रवाई की। जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद से निर्माणाधीन ढांचे को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
लीज समाप्त होने के बाद प्रशासन का एक्शन
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार संबंधित भवन की लीज समाप्त हो चुकी थी, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई। सुबह से शुरू हुई इस कार्रवाई में राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही और पूरे अभियान की निगरानी करती रही।
सुरक्षा के मद्देनजर बंद की गईं सड़कें
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए निर्माण स्थल के दोनों ओर की सड़कों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। मौके पर अपर कलेक्टर, एडीसीपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था, जहां हर प्रमुख स्थान पर सुरक्षा बल तैनात किए गए।
चर्च निर्माण के आरोपों से बढ़ा था विवाद
बताया जा रहा है कि इस निर्माणाधीन परिसर को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। आरोप लगाए जा रहे थे कि सामुदायिक भवन के नाम पर चर्च का निर्माण किया जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर विभिन्न सामाजिक और अन्य संगठनों ने निर्माण पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।











