बैगा जनजाति के प्रधानमंत्री आवास पर चला बुलडोजर: कांग्रेस ने वन विभाग पर लगाया संविधान उल्लंघन का आरोप, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जनकपुर क्षेत्र में वन विभाग द्वारा बैगा जनजाति के एक परिवार के प्रधानमंत्री आवास पर बुलडोजर चलाने की घटना सामने आई है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में राजनीतिक हलचल मच गई है। कांग्रेस ने इसे संविधान के अनुच्छेद 46 का उल्लंघन बताया है और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, यह आवास प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत था। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आवास निर्माण के समय वन विभाग ने कोई आपत्ति नहीं जताई थी, लेकिन अब अचानक तोड़फोड़ की कार्रवाई करना संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि यह कदम प्रशासनिक हठधर्मिता का प्रतीक है और गरीब वनोंपज पर निर्भर बैगा समुदाय के साथ अन्याय है। उन्होंने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए पीड़ित परिवार को पुनर्निर्माण की अनुमति देने की अपील की।
जिला प्रवक्ता सौरव मिश्रा ने कहा कि यह न केवल कानूनी बल्कि मानवीय दृष्टि से भी निंदनीय है। भरतपुर सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस जनआंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले बैगा समुदाय के साथ ऐसा व्यवहार बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है।











