बाड़मेर में पाकिस्तान की सीमा से सटे इलाकों में चला बुलडोजर… 2 मस्जिदें भी ध्वस्त

राजस्थान के बाड़मेर जिले में भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्रों में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज हो गई है. केंद्र सरकार के निर्देशों के तहत चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन अभियान के अंतर्गत प्रशासन ने गडरा रोड और सेड़वा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए सरकारी ओरण और गोचर भूमि पर किए गए अतिक्रमणों को हटाया. इस दौरान दो मस्जिदें सहित अन्य अवैध निर्माणों को भी ध्वस्त किया गया.
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, गृह मंत्रालय के निर्देशों के बाद सीमा से 50 किलोमीटर के दायरे में सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमणों का सर्वे कराया गया था. सर्वे के दौरान चिन्हित अतिक्रमणकारियों को पहले ही नोटिस जारी किए गए थे. निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बाद जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई.










