इस इलेक्ट्रिक कार को खरीदने पर नहीं लगेगा रोड टैक्स, ग्राहकों के ₹2.50 लाख बचेंगे; सरकार की नई पॉलिसी

देश के अंदर इलेक्ट्रिक व्हीकल को बढ़ावा देने के लिए सरकार के साथ ऑटोमोबाइल कंपनियों भी अहम रोल प्ले कर रही हैं। एक तफ जहां कंपनियां इलेक्ट्रिक कारों पर बड़ा डिस्काउंट और बैटरी पर लाइफ टाइम वारंटी जैसे ऑफर ला रही हैं। तो दूसरी तरफ, केंद्र सरकार के साथ राज्य सरकार भी ईवी को लेकर अलग-अलग पॉलिसी बना रही हैं, ताकि ग्राहकों को ज्यादा फायदा मिल सके। इसमें एक नाम कर्नाटक सरकार का भी है। दरअसल, यहां की सरकार ने रोड टैक्स पॉलिसी में कई संशोधन किए हैं। जिसके बाद टाटा हैरियर EV को खरीदना आसान और सस्ता हो गया है।
कर्नाटक रोड टैक्स पॉलिसी में किए गए नए संशोधन के अनुसार, 25 लाख रुपए से ज्यादा एक्स-शोरूम कीमत वाली इलेक्ट्रिक कार पर उसकी एक्स-शोरूम कीमत के 10% के बराबर रोड टैक्स राशि का भुगतान करने के हकदार हैं। जिसके चलते टाटा हैरियर EV के लॉन्ग रेंज वैरिएंट को खरीदना आसान हो गया है। टाटा हैरियर EV के फियरलेस+ 75kWh वैरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 24.99 लाख रुपए है। ऐसे में ये मॉडल 10% रोड टैक्स से फ्री हो जाता है। यानी इस कार को खरीदने पर ग्राहकों के 2.50 लाख रुपए बच जाएंगे।
ग्राहकों को 1 लाख रुपए की छूट
टाटा मोटर्स मौजूदा टाटा EV ग्राहकों को हैरियर EV लेने पर 1 लाख रुपए के एक्सक्लूसिव लॉयल्टी बेनिफिट दे रही है। टाटा की इलेक्ट्रिक हैरियर EV को तीन ट्रिम एडवेंचर, एडवेंचर S और फियरलेस+ में खरीद पाएंगे। सिंगल चार्ज पर इसकी रेंज 622Km है। इस इलेक्ट्रिक SUV के बेस वैरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 21.49 लाख रुपए है। ग्राहक इसे 21,000 रुपए का टोकन अमाउंट देकर बुक कर सकते हैं। ये कंपनी की सबसे लेटेस्ट इलेक्ट्रिक कार भी है।
टाटा हैरियर EV के फीचर्स और स्पेसिफिकेशंस
ईवी में दिया गया नया 540-डिग्री कैमरा फंक्शन 360-डिग्री सराउंड व्यू मॉनिटर सिस्टम में एक एडिशनल एंगल जोड़ता है जो कार के नीचे क्या है यह भी दिखाता है। यह नया एंगल ट्रांसपेरेंट मोड में एक्टिव हो जाता है जो ऑफ-रोड इलाके से निपटने के साथ-साथ बड़े गड्ढों से गुजरने में ड्राइवर की मदद करता है। हैरियर ईवी मास-मार्केट सेगमेंट में पहली इलेक्ट्रिक कार बन गई है जिसमें डुअल मोटर ऑल-व्हील-ड्राइव सेटअप दिया गया है। इसमें प्रत्येक एक्सल पर एक इलेक्ट्रिक मोटर है। बूस्ट मोड का यूज करके हैरियर ईवी केवल 6.3 सेकंड में 0-100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है।
स्टैंडर्ड हैरियर में केवल 3 टेरेन मोड हैं यानी नॉर्मल, रफ और वेट। इलेक्ट्रिक हैरियर के मामले में टाटा मोटर्स ने कुल 6 मल्टी-टेरेन मोड पेश किए हैं जिनमें नॉर्मल, मड रट्स, रॉक क्रॉल, सैंड, स्नो/ग्रास और कस्टम मोड शामिल हैं। ये मोड पावर डिलीवरी, ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम और थ्रॉटल रिस्पॉन्स को बदलते हैं ताकि एसयूवी को मुश्किल इलाकों में मदद मिल सके। भारत NCAP में इसे 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है। यानी ये बड़ों के साथ बच्चों के लिए भी पूरी तरह सेफ है।
टाटा मोटर्स ने हैरियर ईवी के साथ नया 14.5 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम पेश किया है जो किसी भी टाटा कार के लिए सबसे बड़ा है। यह सैमसंग द्वारा बनाया गया नियो क्यूएलईडी डिस्प्ले है जो ग्राहकों को शार्प और क्रिस्प व्यूइंग एक्सपीरियंस देता है। हैरियर ईवी में शार्क फिन एंटीना में एक एडिशनल कैमरा लगा है। इस कैमरे से आने वाली फीड डिजिटल IRVM पर दिखाई देती है जिससे कार के पीछे क्या है इसकी साफ तस्वीर मिलती है। इसमें रिकॉर्डिंग फंक्शन भी है और यह बेहतर सुरक्षा के लिए डैशकैम का भी काम करता है।






