रायपुर में युवक की चाकू मारकर हत्या, गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी के घर और वाहन में की तोड़फोड़

रायपुर से लगे मंदिर हसौद में शुक्रवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मर्डर के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी के घर में तोड़फोड़ कर दी और बाहर खड़ी गाड़ी में आग लगा दी। यह मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का है।
मंदिर हसौद में 2 दिन में हत्या की यह दूसरी वारदात है। इससे पहले 22 मई से लापता भुवनेश्वर कुमार की लाश महासमुंद में मिली थी। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने पार्षद गोलू रात्रे और उनके 2 दोस्तों को गिरफ्तार किया है।
अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, सतनामी मोहल्ला के रहने वाले तोषक भारती की आपसी विवाद के बाद चाकू मारकर हत्या कर दी गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने आरोपी के घर पर हमला कर तोड़फोड़ की। वहीं घर के बाहर खड़ी गाड़ी में आग लगा दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
बीते दो दिनों में मंदिर हसौद इलाके में हत्या की यह दूसरी घटना है, जिससे इलाके में दहशत और नाराजगी का माहौल है। मंदिर हसौद थाना पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस हत्या के पीछे आपसी रंजिश और विवाद के एंगल से जांच कर रही है।
8 दिन पहले युवक की हत्या कर रेत में दफनाया था शव
इसी मंदिर हसौद इलाके में 22 मई को लापता हुए भुवनेश्वर यादव हत्याकांड का खुलासा भी हाल ही में हुआ था। मामले में महासमुंद पुलिस ने निर्दलीय पार्षद नोहर दास उर्फ गोलू रात्रे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि शराब भट्ठी के पास पानी को लेकर विवाद और गाली-गलौज के बाद भुवनेश्वर यादव की हत्या कर दी गई थी। आरोपियों ने शव को कार में ले जाकर महासमुंद के महानदी किनारे रेत में दफना दिया था। बाद में पुलिस ने खुदाई कर शव बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में नोहर रात्रे, अमित सिंह राजपूत और हेमचंद बंजारे को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं के बाद मंदिर हसौद और आसपास के ग्रामीण इलाकों में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।











