निर्माणाधीन बायपास बना मौत की वजह, 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

औरंगाबाद :  बिहार झारखंड के बॉर्डर इलाके में स्थित कुटुंबा थाना क्षेत्र के सिमरी कला गांव समीप निर्माणाधीन बायपास रोड से बाइक के टकराने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई.  मृतक युवक की पहचान कुटुंबा थाना क्षेत्र के वर्मा गांव निवासी दिलीप पासवान के पुत्र 19 वर्षीय त्रिपुरारी कुमार पासवान के रूप में की गई.

घटना के बाद वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी हरिहरगंज थाना के पुलिस को दी.सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को जख्मी अवस्था में इलाज के लिए हरिहरगंज सामुदायिक अस्पताल भेज दिया.जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

मृतक के पॉकेट से बरामद कागजात के आधार पर उसकी पहचान की गई. पहचान होने के बाद घटना की जानकारी परिजनों और कुटुंबा पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही परिजन बदहवास सामुदायिक अस्पताल पहुंचे तथा शव से लिपटकर चीत्कार उठे. अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि मंगलवार की देर शाम त्रिपुरारी घर से बाइक पर सवार होकर हरिहरगंज बाजार गया था.हरिहरगंज बाजार में सड़क जाम रहने के कारण वह बाईपास होते हुए घर लौट रहा था.

इस दौरान निर्माणाधीन बाईपास पर सिमरी कला गांव के समीप डायवर्सन के पास रखा गया पत्थर उसे दिखाई नहीं दिया और उसकी बाइक टकरा गई. टक्कर इतना जबरदस्त था की बाइक के परखच्चे उड़ गए।वहीं त्रिपुरारी गंभीर रूप से घायल हो गया.रात्रि का समय होने के कारण वह काफी देर तक घटनास्थल पर ही पड़ा रहा। बाद में राहगीरों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी.

घटना की सूचना पर पहुंची कुटुंबा थाना की पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक तथा शव को अपने कब्जे में लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया.थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है.पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है.मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

जानकारी के अनुसार मृतक त्रिपुरारी अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था.वह बेंगलुरु में रहकर प्राइवेट कंपनी में मजदूरी का काम करता था.अभी उसकी शादी भी नहीं हुई थी.एक महीना पहले ही वह अपने घर आया था.कुछ दिनों के बाद उसे फिर बेंगलुरु जाना था लेकिन इसके पहले ही हादसे का शिकार हो गया.घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com