ऑनलाइन आवेदन के बाद आया कॉल, BYJU’S में जॉब का झांसा देकर युवती से ₹44,676 की ठगी

राजधानी रायपुर में ऑनलाइन नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर ठगी की गई है। BYJU’S में ट्यूटर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 22 साल की युवती से 44,676 रुपए ठग लिए गए। पुलिस के अनुसार पीड़िता मोवा निवासी जैनिशा है।

जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने पहले चयन होने की बात कही, फिर रजिस्ट्रेशन, फ्री लैपटॉप और एनओसी (NOC) के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रकम जमा कराई। फिलहाल पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऑनलाइन आवेदन के बाद आया कॉल

पंडरी पुलिस के मुताबिक, मोवा निवासी जैनिशा ने ऑनलाइन BYJU’S में ट्यूटर पद के लिए आवेदन किया था। कुछ समय बाद उसके पास एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उसका चयन हो गया है।

फ्री लैपटॉप का लालच देकर मांगे रजिस्ट्रेशन के पैसे

आरोपी ने बताया कि पढ़ाने के लिए कंपनी की ओर से मुफ्त लैपटॉप दिया जाएगा। इसके लिए 9,607 रुपए रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा कराने को कहा गया। साथ ही भरोसा दिलाया गया कि यह राशि बाद में वापस कर दी जाएगी।

बार-बार पैसे जमा कराते रहे ठग

युवती ने बताए गए बैंक खाते में 9,607 रुपए जमा कर दिए। इसके बाद ठगों ने भुगतान गलत होने की बात कहकर दोबारा 9,660 रुपए जमा करा लिए। फिर एनओसी के नाम पर 11,990 रुपए और भुगतान प्रक्रिया पूरी करने के बहाने 11,919 रुपए जमा करवा लिए।

इसके बाद आरोपियों ने फिर से 11,919 रुपए की मांग की। लगातार पैसे मांगने पर युवती को ठगी का एहसास हुआ और उसने आगे भुगतान करने से इनकार कर दिया।

डिजिटल ट्रांजेक्शन के आधार पर जांच शुरू

पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस मोबाइल नंबर, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने, रजिस्ट्रेशन फीस, फ्री लैपटॉप या किसी अन्य आकर्षक ऑफर के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के खाते में पैसे जमा न करें। किसी भी नौकरी या ऑफर की जानकारी पहले संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से जरूर सत्यापित करें।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com