दुर्ग में दहेज प्रताड़ना का मामला: महिला ने पति और ससुर पर मारपीट व जलाने की धमकी का आरोप, FIR दर्ज

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में 24 वर्षीय एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और पेट्रोल डालकर जलाने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर भिलाई नगर के महिला थाना पुलिस ने पति बलराम पटेल और ससुर कुंभकरण पटेल के खिलाफ BNS की धारा 85(3)(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़िता लक्ष्मी पटेल, जो ग्राम टेकापार दुर्ग की रहने वाली है, ने बताया कि उसकी शादी 21 अप्रैल 2022 को बेमेतरा निवासी बलराम पटेल से हुई थी। मायके पक्ष की ओर से 50 हजार रुपये नकद, बाइक, घरेलू सामान और सोना-चांदी के आभूषण दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वाले शादी के अगले ही दिन से दहेज कम लाने का ताना देने लगे। लक्ष्मी के मुताबिक, पति और ससुर कहते थे कि “भिखारी घर से आई है, कुछ ठीक से नहीं लाई, हमें चार पहिया वाहन चाहिए था।”
लक्ष्मी ने आरोप लगाया कि उसे कई बार गाली-गलौज और मारपीट का सामना करना पड़ा। उसका कहना है कि मायके से चार पहिया वाहन और शादी में हुए 5 लाख रुपये के खर्च की भरपाई लाने का दबाव बनाया जा रहा था। पीड़िता ने बताया कि 30 मार्च 2024 की रात पति और ससुर एक बैग लेकर आए और धमकी दी कि “पेट्रोल डालकर जला देंगे, कोई भी तुम्हें नहीं बचा पाएगा।” आरोप है कि कई बार गला दबाने की भी कोशिश की गई।
लक्ष्मी ने शिकायत में बताया कि उसने अप्रैल 2025 में एसपी कार्यालय और महिला थाना में आवेदन दिया था। 24 अक्टूबर, 31 अक्टूबर और 7 नवंबर 2025 को काउंसलिंग हुई, जहां पति ने माफी मांगकर साथ रखने का आश्वासन दिया। लेकिन चार महीने बीतने के बाद भी वह उसे लेने नहीं आया और प्रताड़ना जारी रही।
पीड़िता ने यह भी कहा कि झगड़े के दौरान उसका सारा कीमती आभूषण छीन लिया गया, जिसे ससुराल वालों ने आज तक वापस नहीं किया। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।
यह मामला दहेज के कारण होने वाली प्रताड़ना का एक और उदाहरण है, जिसमें पीड़िता ने अपनी सुरक्षा और न्याय के लिए पुलिस की मदद ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कानूनी कार्रवाई तेजी से की जाएगी।











