तिल्दा-नेवरा में खनिज अधिकारियों को धमकाने का मामला: नगर पालिका अध्यक्ष के पति पर FIR, वायरल वीडियो बना सबूत

रायपुर/तिल्दा-नेवरा। अवैध खनन की जांच करने पहुंचे खनिज विभाग के अधिकारियों को कथित तौर पर धमकाने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में तिल्दा-नेवरा नगर पालिका अध्यक्ष के पति डॉ. खुमान वर्मा के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर खनिज विभाग के अधिकारियों की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग की टीम क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध मुरूम और रेत उत्खनन की जांच के लिए पहुंची थी। इस दौरान अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए कुछ वाहनों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की। आरोप है कि इसी दौरान डॉ. खुमान वर्मा और उनके समर्थकों ने अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा कार्रवाई रोकने का दबाव बनाया।
वायरल वीडियो में अधिकारियों और अध्यक्ष पति के बीच तीखी बहस दिखाई दे रही है। वीडियो में कथित रूप से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। खनिज विभाग ने इसी वीडियो को साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपते हुए शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में शासकीय कार्य में बाधा डालने, लोक सेवकों को धमकाने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे अधिकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर विभिन्न स्तरों पर प्रतिक्रिया सामने आ रही है।











