इटावा: सरकारी जमीन के विवाद में मारपीट व फायरिंग, हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज

इटावा: जसवंतनगर थाना क्षेत्र के गांव केस्त के समीप सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग की घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद समेत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

नगला इंछा निवासी प्रियंका यादव पत्नी आधार यादव उर्फ जितेंद्र कुमार ने आरोप लगाया है कि शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे कटहरी निवासी आशू भदौरिया पुत्र जमादार सिंह और कैस्त निवासी शैलेन्द्र कुमार पुत्र गजाधर सिंह अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ अवैध असलहों से लैस होकर उक्त जमीन पर कब्जा करने पहुंचे.

पीड़िता के अनुसार, सूचना मिलने पर उनके पति आधार यादव परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और कब्जे का विरोध किया. इसी दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी. घटना में आधार यादव घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया.

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह और थानाध्यक्ष कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. क्षेत्रीय लेखपाल अनुराग यादव को भी मौके पर बुलाया गया. जांच में सामने आया कि विवादित भूमि सरकारी है तथा इस संबंध में उच्च न्यायालय में चल रहा मामला पूर्व में खारिज हो चुका है.

थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी.

close