CG BREAKING: नगरीय निकायों में एल्डरमैन की ताजपोशी, BJP ने जारी की सूची; रायपुर से सरगुजा तक नेताओं को मिली जिम्मेदारी

रायपुर, 25 जून 2026
छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों में लंबे समय से प्रतीक्षित एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) नियुक्तियों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने रायपुर और सरगुजा संभाग के नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के लिए मनोनीत पार्षदों की सूची जारी कर दी है। आदेश जारी होते ही संबंधित निकायों में राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार नियुक्तियां छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 एवं छत्तीसगढ़ नगरपालिका अधिनियम, 1961 के तहत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए की गई हैं। मनोनीत पार्षदों को तत्काल प्रभाव से जिम्मेदारी सौंपी गई है और वे आगामी आदेश तक अपने पद पर बने रहेंगे।
उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने पहले ही संकेत दिए थे कि एल्डरमैन नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में है। विभाग द्वारा सूची जारी किए जाने के साथ ही यह प्रक्रिया औपचारिक रूप से पूरी हो गई है।






रायपुर संभाग के अंतर्गत रायपुर नगर निगम, माना कैंप, तिल्दा-नेवरा, गोबरा नवापारा, आरंग, मंदिर हसौद, अभनपुर, खरोरा, समोदा और चंदखुरी सहित कई निकायों में नियुक्तियां की गई हैं। वहीं गरियाबंद, महासमुंद, धमतरी और बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के विभिन्न नगर निकायों को भी नए एल्डरमैन मिले हैं।
इसके अलावा सरगुजा संभाग में अंबिकापुर नगर निगम सहित बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया, जशपुर और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के नगर निकायों में भी मनोनीत पार्षदों की नियुक्ति की गई है।
नगरीय प्रशासन विभाग ने आदेश की प्रतियां संबंधित कलेक्टरों, महापौरों, नगर पालिका अध्यक्षों और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विभाग ने पूरी सूची को आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश भी जारी किए हैं ताकि आम नागरिकों को नियुक्तियों की जानकारी उपलब्ध हो सके।
इन नियुक्तियों को आगामी नगरीय विकास योजनाओं और स्थानीय निकायों में जनप्रतिनिधित्व को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।









