CG ब्रेकिंग न्यूज़:कांकेर में मुठभेड़, 4 लाख की इनामी महिला नक्सली ‘रूपी’ ढेर


कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने एसीएम (ACM) रैंक की महिला नक्सली रंगाबोइना भाग्या उर्फ रूपी को मार गिराया है, जिसे बस्तर क्षेत्र के बड़े कैडर की आखिरी सक्रिय माओवादी माना जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबल सर्चिंग पर निकले थे, तभी माचपल्ली के जंगलों में नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रूपी मारी गई। मुठभेड़ के बाद सर्चिंग में एक पिस्टल, गोला-बारूद और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई है।
कौन थी रूपी
– रूपी पर 4 लाख रुपये का इनाम घोषित था
– वह माओवादी संगठन से करीब 2004 से जुड़ी थी
– बस्तर के माड़ डिवीजन में सक्रिय अंतिम बड़े कैडर की महिला नक्सली मानी जा रही थी
– वह डीकेएसजेडसी सदस्य विजय रेड्डी की पत्नी थी, जो 2025 में एक मुठभेड़ में मारा गया था
ऑपरेशन का क्षेत्र
यह मुठभेड़ छोटेबेठिया–परतापुर थाना क्षेत्र के माचपल्ली–आरामझोरा–हिडूर जंगलों में हुई, जहां माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया था।
पुलिस और प्रशासन की अपील
बस्तर रेंज के आईजी सुन्दरराज पट्टलिंगम ने कहा कि सरकार लगातार माओवादियों से आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने की अपील कर रही है। कई कैडर इस रास्ते को अपना भी चुके हैं, लेकिन जो लोग हिंसा का रास्ता नहीं छोड़ रहे, उनका अंत इसी तरह हो रहा है।
उन्होंने शेष माओवादी कैडरों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द आत्मसमर्पण कर शांतिपूर्ण जीवन की ओर लौटें।











