CG Budget Session : छत्तीसगढ़ विधानसभा में रसोई गैस को लेकर बवाल, कांग्रेस विधायकों का हंगामा… पूरा विपक्ष निलंबित

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में गुरुवार को रसोई गैस सिलेंडर की कमी को लेकर जमकर हंगामा हुआ। विपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में एलपीजी सिलेंडर की कमी से आम जनता और होटल संचालक परेशान हैं। इस मुद्दे पर चर्चा की मांग करते हुए कांग्रेस ने स्थगन प्रस्ताव रखा, लेकिन इसे खारिज कर दिया गया। हंगामे के बीच कांग्रेस के सभी विधायकों को सदन से निलंबित कर दिया गया।

नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने सदन में कहा कि प्रदेश में गैस सिलेंडर नहीं मिलने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से इस मामले पर जवाब देने की मांग की।

इस दौरान भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि एलपीजी की आपूर्ति केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र का विषय है, इसलिए इस पर राज्य विधानसभा में चर्चा नहीं हो सकती। उनके इस बयान के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

कांग्रेस विधायक नारेबाजी करते हुए सदन के वेल में पहुंच गए और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। लगातार हंगामे को देखते हुए सभापति ने स्थगन प्रस्ताव खारिज कर दिया और हंगामा कर रहे कांग्रेस विधायकों को निलंबित कर दिया।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि एलपीजी की कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।

close