CG News-रिश्वतखोरी पर ACB का डबल अटैक: सूरजपुर में इंजीनियर और बिलासपुर में बाबू रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार!

CG News-छत्तीसगढ़ में सरकारी दफ्तरों में फैला भ्रष्टाचार एक बार फिर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई से बेनकाब हो गया है। शुक्रवार को ACB ने राज्य के दो अलग-अलग जिलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो भ्रष्ट सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।

एक ओर सूरजपुर जिले में महामाया शुगर फैक्ट्री के इंजीनियर को नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया, तो वहीं दूसरी ओर बिलासपुर में आदिम जाति कल्याण विभाग के एक बाबू को अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना की राशि जारी करने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए धर दबोचा गया।

सूरजपुर: महामाया शुगर फैक्ट्री का इंजीनियर ₹50,000 की रिश्वत के साथ गिरफ्तार
पहला मामला सूरजपुर जिले से सामने आया है, जहां महामाया शुगर फैक्ट्री में पदस्थ इंजीनियर सी.आर. नायक को ACB ने शुक्रवार को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। जानकारी के मुताबिक, इंजीनियर नायक एक युवक को संविदा पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। युवक ने परेशान होकर एंटी करप्शन ब्यूरो को इसकी शिकायत दी।

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए ACB ने जांच की और जब रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हो गई, तो टीम ने सूरजपुर पहुंचकर ट्रैप की पूरी योजना बनाई।

तय समय पर शिकायतकर्ता युवक ने इंजीनियर नायक को उसके निजी आवास पर रिश्वत की रकम सौंपी। जैसे ही नायक ने 50 हजार रुपये अपने हाथ में लिए, ACB की टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी इंजीनियर से ACB गहन पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

बिलासपुर: अंतर्जातीय विवाह योजना की राशि के लिए ₹10,000 रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार
दूसरा मामला बिलासपुर जिले का है, जहां ACB की टीम ने आदिम जाति कल्याण विभाग में पदस्थ बाबू मनोज टोंडेकर को गिरफ्तार किया। यहां एक युवक ने अपनी शादी के बाद अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत प्रोत्साहन राशि के लिए आवेदन किया था। जब उसका आवेदन स्वीकृत हो गया और प्रोत्साहन राशि जारी करने का समय आया, तब बाबू मनोज टोंडेकर ने युवक से 10,000 रुपये की रिश्वत की मांग की।

युवक ने तुरंत ACB से संपर्क किया और मामले की शिकायत दर्ज कराई। ACB ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद एक ट्रैप ऑपरेशन तैयार किया। योजना के अनुसार, युवक ने बाबू को रिश्वत की रकम सौंपी और जैसे ही मनोज टोंडेकर ने पैसे लिए, ACB की टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई है और आरोपी बाबू को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।

NewsDesk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com