CG Teachers News-शिक्षिका पर FIR, दूसरी कक्षा की मासूम को 100 बार उठक-बैठक कराने का आरोप
यहां दूसरी कक्षा की मासूम छात्रा को गलती की सजा के तौर पर कथित रूप से 100 से अधिक बार उठक-बैठक कराने पर मजबूर किया गया। लगातार सजा से बच्ची की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजनों ने शिक्षिका के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

CG Teachers News/सरगुजा। जिले के सीतापुर ब्लॉक के प्रतापगढ़ स्थित DAV पब्लिक स्कूल में शारीरिक सजा का एक गंभीर मामला सामने आया है।
यहां दूसरी कक्षा की मासूम छात्रा को गलती की सजा के तौर पर कथित रूप से 100 से अधिक बार उठक-बैठक कराने पर मजबूर किया गया। लगातार सजा से बच्ची की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजनों ने शिक्षिका के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
अब इस मामले में पुलिस ने शिक्षिका नम्रता गुप्ता के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
परिजनों का आरोप है कि इतनी छोटी उम्र में इस तरह की शारीरिक सजा देना न केवल मानसिक बल्कि शारीरिक शोषण भी है। उन्होंने सीधे सरगुजा एसपी से गुहार लगाई थी, जिसके बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया।
यह मुद्दा तीन दिन पहले तब सुर्खियों में आया जब परिजनों ने स्कूल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन से न्याय की मांग की। खासतौर पर बंसल न्यूज़ द्वारा खबर को प्रमुखता से उठाने के बाद प्रशासन और स्कूल प्रबंधन हरकत में आ गए।
घटना के बाद संस्था के क्षेत्रीय प्रबंधक ने तत्काल प्रभाव से शिक्षिका को छुट्टी पर भेज दिया और मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी। प्रबंधन का कहना है कि किसी भी परिस्थिति में बच्चों के साथ शारीरिक सजा या दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बाल अधिकार विशेषज्ञों और मनोवैज्ञानिकों ने भी शिक्षिका के कदम को गंभीर उल्लंघन बताते हुए कहा है कि इस तरह की सजा से बच्चे के मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। दोष सिद्ध होने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











