मनेन्द्रगढ़ में महिला से चेन स्नेचिंग, पर्स लूटा:बदमाशों ने गांधी चौक पर दिया वारदात को अंजाम, 24 घंटे बाद भी आरोपी फरार

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ के गांधी चौक पर कल देर शाम एक महिला से चेन स्नेचिंग और पर्स लूट की घटना हुई। अज्ञात दो बाइक सवारों ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के 24 घंटे बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन मनेन्द्रगढ़ निवासी दीप्ति अग्रवाल (पति विजय अग्रवाल) अपनी पोती और बच्ची के साथ अपने पति की जनरल स्टोर की दुकान से सोने की खरीदारी के लिए ज्वैलर्स की दुकान जा रही थीं। गांधी चौक के पास एक काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोका।
चेन और पर्स छीनकर फरार हुए बदमाश
पीछे बैठे युवक ने दीप्ति अग्रवाल के गले से सोने की चेन खींच ली। महिला ने तुरंत चेन पकड़ ली, जिससे वह टूटकर नीचे गिर गई। जैसे ही महिला चेन उठाने के लिए झुकी, आरोपी ने उनका पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए। महिला के अनुसार, पर्स में पैंसठ हजार रुपये नकद थे।
यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। शहर के हृदय स्थल पर हुई इस वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है।
शहर में आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए चौक-चौराहों पर लगाए गए शासकीय सीसीटीवी कैमरे कई वर्षों से बंद पड़े हैं। रखरखाव के अभाव में ये कैमरे निष्क्रिय हो गए हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
इन कैमरों के बंद होने के कारण पुलिस को आपराधिक मामलों को सुलझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। घटना के बाद पुलिस को दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में समय लगता है, जिससे अपराधी शहर से भाग निकलने में सफल हो जाते हैं। प्रशासन द्वारा इन कैमरों की मरम्मत नहीं कराई जा रही है।
इस मामले में सिटी कोतवाली प्रभारी सुनील तिवारी ने बताया कि शहर के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर पुलिस जांच में जुटी है। पीड़ित महिला का मोबाइल आरोपियों ने फेंक दिया था, जिसे बरामद कर लिया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।











