चैत्र नवरात्रि 2026…सज गया मां दंतेश्वरी का दरबार:5 हजार ज्योत जलाने का लक्ष्य, 51 हजार में करवा सकते हैं भंडारा,VIP दर्शन की भी सुविधा

बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के मंदिर में चैत्र नवरात्रि को लेकर तैयारियां पूरी हो गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भंडारा, दर्शन, पार्किंग और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं तय कर दी गई है। इस बार घी-तेल के आस्था के करीब 5 हजार ज्योत जलाने का लक्ष्य रखा गया है। ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू हो चुकी है।
मंदिर समिति ने बताया कि, पिछली बार चैत्र नवरात्रि में घी के 900 आस्था के ज्योत जले थे। इस बार 1000 जलाने का लक्ष्य है। घी के ज्योत जलाने 2100 रुपए की रसीद कटवानी होगी। वहीं, पिछली बार तेल के 3000 ज्योत जले थे, जिसे बढ़ाकर 4000 तेल के ज्योत जलवाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 11 रुपए की रसीद कटवानी होगी।
अब तक ऑनलाइन माध्यम से घी और तेल की 550 से ज्यादा बुकिंग हो चुकी है। वहीं कोई भी भक्त यदि मंदिर में भंडारा करवाना चाहते हैं तो उसके लिए भी व्यवस्था की गई है। सिर्फ खीर के लिए 5100 रुपए, सिर्फ हलवा के लिए 11000 रुपए, हलवा-पूड़ी के लिए 21000 रुपए और हलवा, पूड़ी और सब्जी के लिए 51000 रुपए निर्धारित किए गए हैं।
यहां है ठहरने की व्यवस्था, चांदी के सिक्के भी खरीद सकेंगे
श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए धर्मशाला में डबल बेड रूम का किराया 200 रुपए रखा गया है, जबकि अतिरिक्त व्यक्ति के लिए 50 रुपए देने होंगे। सामान्य हॉल में रुकने के लिए 40 रुपए प्रति व्यक्ति शुल्क तय किया गया है। 10 ग्राम चांदी का सिक्का पिछले साल 2100 रुपए में मिल रहा था, जिसे इस बार बढ़ाकर 4100 रुपए कर दिया गया है।
VIP दर्शन की भी व्यवस्था
मंदिर में VIP दर्शन की व्यवस्था भी रहेगी, जिसके लिए 500 रुपए प्रति व्यक्ति शुल्क तय किया गया है। VIP दर्शन करने जाने वाले पुरुष श्रद्धालुओं के लिए गर्भगृह में प्रवेश के दौरान धोती अनिवार्य रहेगी, जो मंदिर परिसर में उपलब्ध रहेगी। वहीं महिलाओं को सलवार सूट या साड़ी पहनकर ही गर्भगृह में प्रवेश दिया जाएगा।
24 CCTV कैमरे लगे
भीड़ प्रबंधन के लिए पार्किंग व्यवस्था मेनका ढोबरा मैदान में की गई है। भीड़ बढ़ने की स्थिति में पार्किंग को आगे बढ़ाया जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से पूरे मंदिर परिसर में 24 CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे सिंह द्वार से लेकर पूरे क्षेत्र की निगरानी की जाएगी।











