राम मंदिर चंदा विवाद: ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने दिया इस्तीफा, अनिल मिश्रा ने भी छोड़ा पद

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने इस्तीफा दे दिया है. अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद उनपर इस्तीफे का दबाव था. वह विपक्ष के निशाने पर थे. चंपत के अलावा ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने भी इस्तीफा दे दिया है
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा अनियमितता मामले के बीच शुक्रवार को ये बड़ा घटनाक्रम सामने आया. दोनों के इस्तीफे ऐसे समय आए हैं, जब उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से गठित विशेष जांच दल (SIT) की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर पहली एफआईआर दर्ज हो चुकी है और पूरे मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है.
इस पूरे मामले पर आज शुक्रवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी बयान दिया है. उन्होंने देवरिया में एक कार्यक्रम में कहा कि जन आस्था के साथ जो खिलवाड़ करेगा, उसके साथ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम करेंगे. उन्होंने कहा कि अयोध्या हम सबके आस्था की प्रतीक है. अयोध्या पर आक्षेप मत करो. श्रीराम की मर्यादा का पालन करना सीखो. मैंने कहा था कि एसआईटी की रिपोर्ट आने पर कार्रवाई होगी. एसआइटी रिपोर्ट आई. कार्रवाई प्रारंभ हो गई है
गिरफ्त में टिन्नू समेत 8 आरोपी
चढ़ावा चोरी मामले में गुरुवार को FIR दर्ज की गई. आज चंपत राय के ड्राइवर टिन्नू यादव समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया. अयोध्या पुलिस सभी नामजद आठों आरोपियों के स्टेटमेंट रिकॉर्ड कर रही है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपियों की जांच अभी सिर्फ वादी की शिकायत के आधार पर चल रही है.
अभी तक अयोध्या पुलिस को SIT की रिपोर्ट नहीं मिली है, जिसके मिलने के बाद जांच में कई और नाम शामिल हो सकते हैं. एक-एक करके आरोपियों के स्टेटमेंट रिकॉर्ड हो रहे हैं और उनको एक दूसरे से मिलाकर वेरिफाई किया जा रहा है. वहीं, पुलिस सभी आरोपियों के बैंक खाते की भी जांच करेगी, जिससे मनी ट्रेल स्टैबलिश हो सके. आगे जैसे जैसे तथ्य सामने आएंगे जांच का दायरा बढ़ता जाएगा.











