रायपुर में वेलेंटाइन डे पर बवाल: गर्लफ्रेंड से छेड़छाड़ को लेकर दो गुटों में मारपीट


रायपुर। रायपुर में वेलेंटाइन डे के दिन जहां एक ओर प्रेम और उत्सव का माहौल था, वहीं दूसरी ओर शहर के मालवीय रोड इलाके में अचानक तनाव की स्थिति बन गई। कोतवाली थाना क्षेत्र के पास दो युवकों के गुट आमने-सामने आ गए और बीच सड़क पर ही धक्का-मुक्की व मारपीट शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद की शुरुआत कथित तौर पर एक युवती से छेड़छाड़ को लेकर हुई। बताया जा रहा है कि एक छात्र अपनी मित्र के साथ मौजूद था, तभी दूसरे समूह के कुछ युवकों ने कथित रूप से टिप्पणी कर दी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना स्थल व्यस्त बाजार क्षेत्र में होने के कारण राहगीरों और दुकानदारों में दहशत फैल गई। हालांकि इस झड़प में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह दोनों पक्षों को अलग किया और मामला शांत कराया।
सूत्रों के मुताबिक दोनों पक्ष कम उम्र के बताए जा रहे हैं। इसी वजह से मामला अब तक थाने नहीं पहुंचा है और परिवार स्तर पर समझौते की कोशिश की जा रही है।
गौरतलब है कि वेलेंटाइन डे को लेकर शहर में पहले से पुलिस सतर्क थी और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया था। इसके बावजूद मुख्य मार्ग पर हुई इस विवाद ने सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन और युवाओं में बढ़ती आक्रामकता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।











