अहमदाबाद इन्वेस्टर कनेक्ट में छत्तीसगढ़ को मिला 33 हजार करोड़ का निवेश, 10 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार

अहमदाबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट 2025 में छत्तीसगढ़ ने बड़ी सफलता हासिल की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य को करीब ₹33,000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इस निवेश से राज्य में 10,500 से अधिक नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात की धरती उद्योग और नवाचार की प्रतीक है, और छत्तीसगढ़ भी उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि “गुजरात और छत्तीसगढ़ मिलकर विकसित भारत के निर्माण में अहम योगदान देंगे।”

सीएम साय ने बताया कि बीते 22 महीनों में राज्य सरकार ने 350 से अधिक सुधार लागू किए हैं, जिससे उद्योग लगाना आसान हुआ है। सिंगल विंडो सिस्टम से अब एनओसी तुरंत जारी हो रही है, जबकि नई औद्योगिक नीति में निवेशकों को विशेष अनुदान और प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं। बस्तर और सरगुजा जैसे जनजातीय क्षेत्रों में उद्योग लगाने वालों को अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अब तक राज्य में ₹7.5 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

कार्यक्रम में कई बड़ी कंपनियों ने निवेश की घोषणा की। टोरेंट पावर लिमिटेड ने ₹22,900 करोड़ की लागत से 1600 मेगावाट थर्मल पावर प्लांट लगाने का प्रस्ताव दिया है, जिससे 5000 रोजगार मिलेंगे। ओनिक्स थ्री एनर्सोल प्राइवेट लिमिटेड ₹9,000 करोड़ का ग्रीन स्टील और हाइड्रोजन प्रोजेक्ट लगाएगी। वहीं, माला क्रिएशन सोलर सेल यूनिट के लिए ₹700 करोड़ का निवेश करेगी। इसके अलावा, लीजियम लाइफ साइंसेस, टोरेंट फार्मा, सफायर सेमीकॉम और एक मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ने भी निवेश के प्रस्ताव रखे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ कोयला उत्पादन में देश में दूसरे स्थान पर है और राज्य में ऊर्जा, खनिज, पर्यटन और तकनीकी क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने नवा रायपुर को आईटी और एआई डेटा सेंटर हब के रूप में विकसित करने की योजना का भी उल्लेख किया, जिससे राज्य में तकनीकी और औद्योगिक प्रगति को नई दिशा मिलेगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close