छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, कई जिलों में बदला मौसम का मिजाज

रायपुर। प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। ठंड का असर कम होने के साथ जहां दिन में तापमान बढ़ रहा था, वहीं अब कई इलाकों में अचानक बारिश और तेज हवाओं ने मौसम सुहाना कर दिया है।

कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।

सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिले और रायगढ़ में दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। वहीं वाड्रफनगर और आसपास के क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

बारिश और ओलावृष्टि को देखते हुए मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। विभाग का कहना है कि तेज हवा, गरज-चमक और ओलावृष्टि की स्थिति कुछ दिनों तक बनी रह सकती है। मौसम में अचानक बदलाव से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

राजधानी का हाल

राजधानी रायपुर में दक्षिण बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब क्षेत्र और उससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।

मंगलवार को शहर में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हवा की गति धीमी रहने और नमी अधिक होने से सुबह-शाम हल्की ठंडक महसूस हो सकती है।

किसानों और आम नागरिकों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है।

close