छत्तीसगढ़ के Akashaditya Lama का बॉलीवुड में जलवा, कल रिलीज़ होगी फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’

भिलाई में पढ़ाई करने वाले लेखक-निर्देशक आकाशादित्य लामा (Akashaditya Lama) आज मुंबई में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ से उनका जुड़ाव आज भी उतना ही मजबूत है. यही वजह है कि उनकी चर्चित फिल्म ‘बंगाल 1947’ की शूटिंग पूरी तरह छत्तीसगढ़ में हुई थी. अपनी फिल्मों और बातचीत में भी वे अक्सर भिलाई और छत्तीसगढ़ का ज़िक्र करना नहीं भूलते. प्रदेश के लिए यह गर्व की बात है कि छत्तीसगढ़ की मिट्टी से जुड़ा यह फिल्मकार आज बॉलीवुड में लगातार बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा है.

24 जुलाई को रिलीज़ होगी ‘दुल्हनिया ले आएगी’

बता दें कि आकाशादित्य लामा (Akashaditya Lama) के निर्देशन में बनी ‘दुल्हनिया ले आएगी’ 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है. फिल्म में खुशाली कुमार, महेश मांजरेकर, पियूष मिश्रा समेत कई दमदार कलाकार अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे. शानदार एंसेम्बल कास्ट, मनोरंजक कहानी और चर्चित संगीत की वजह से फिल्म रिलीज़ से पहले ही सुर्खियां बटोर रही है.

वायरल हो रहा है स्पेशल सॉन्ग

फिल्म का स्पेशल सॉन्ग भी चर्चा का विषय बना हुआ है. इसमें शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की रूमर्ड गर्लफ्रेंड लारिसा बोनेसी अपनी ग्लैमरस मौजूदगी से आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं. गाना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ा रहा है.

दिग्गज निर्देशकों के साथ काम, टीवी से फिल्मों तक का सफर

आकाशादित्य लामा ने अपने करियर की शुरुआत लेखन से की और लंबे समय तक फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में काम किया. वे प्रियदर्शन और अनिल शर्मा जैसे दिग्गज निर्देशकों के साथ सहायक निर्देशक रह चुके हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने सूरज बड़जात्या के लोकप्रिय टीवी शोज़ के लिए भी लेखन किया है. लेखक, निर्देशक और क्रिएटिव विज़न रखने वाले आकाशादित्य आज इंडस्ट्री के बहुमुखी प्रतिभा वाले फिल्मकारों में गिने जाते हैं.

छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का नाम

आकाशादित्य लामा उन फिल्मकारों में हैं, जिन्होंने मुंबई में अपनी पहचान बनाने के बावजूद अपनी जड़ों को कभी नहीं भुलाया. उनकी नई फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ से दर्शकों और फिल्म कारोबार दोनों को अच्छी उम्मीदें हैं. छत्तीसगढ़ के लिए यह सिर्फ एक फिल्म की रिलीज़ नहीं, बल्कि अपनी मिट्टी के एक प्रतिभाशाली बेटे की सफलता का उत्सव भी है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com