जेलों में बैरक-बाउंड्रीवॉल निर्माण की समीक्षा: सचिव बोले- समन्वय बढ़ाइए, लापरवाही नहीं चलेगी, तय समय में पूरा करें काम

रायपुर, 24 जुलाई 2026। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने प्रदेश के विभिन्न जेलों में निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पीडब्ल्यूडी मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में आयोजित बैठक में जिलों के कार्यपालन अभियंताओं, जेल अधीक्षकों और ठेकेदारों को बेहतर समन्वय बनाकर कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। जेल एवं सुधारात्मक सेवाओं के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता और लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी बैठक में शामिल हुए। लोक निर्माण विभाग के विभिन्न संभागों के कार्यपालन अभियंता, ठेकेदार और जेल अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में जुड़े।

बैठक में प्रदेश की विभिन्न जेलों में निर्माणाधीन बैरकों, बाउंड्रीवॉल, शौचालयों और वॉच टॉवर के कार्यों की समीक्षा की गई। मुकेश कुमार बंसल ने विभागीय अधिकारियों के साथ सभी जेल अधीक्षकों से निर्माण कार्यों की गति और गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को कार्यस्थलों का नियमित निरीक्षण कर कार्यों की कड़ी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही ठेकेदारों को निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए कार्यों में तेजी लाने और उन्हें समय-सीमा के भीतर पूरा करने को कहा।

उन्होंने कार्यपालन अभियंताओं और जेल अधीक्षकों को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए जेल परिसर के भीतर निर्माण सामग्री के परिवहन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही जेल अधीक्षकों से कहा कि वे श्रमिकों को प्रतिदिन पर्याप्त समय तक कार्य करने की सुविधा उपलब्ध कराएं।

जेल एवं सुधारात्मक सेवाओं के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने कहा कि प्रदेश की जेलों में क्षमता से अधिक कैदी रह रहे हैं। ऐसे में नए बैरकों के निर्माण और मौजूदा सुविधाओं के विस्तार से काफी राहत मिलेगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के मैदानी अधिकारियों, जेल अधीक्षकों और ठेकेदारों से कार्यों को तेज गति से पूरा कर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने का आग्रह किया।

इन कार्यों की हुई समीक्षा

बैठक में रायपुर केंद्रीय जेल में पार्किंग शेड, पाठशाला शेड, मुलाकातियों-परिजनों के लिए शेड और शौचालय निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। इसके अलावा बिलासपुर के नगोई में 1500 आवास क्षमता वाले विशेष जेल, जिला जेल धमतरी और गरियाबंद में बाउंड्रीवॉल, जिला जेल जांजगीर, रामानुजगंज, सूरजपुर, कांकेर, संजारी-बालोद तथा उप जेल सारंगढ़ में बैरक निर्माण कार्यों की भी समीक्षा हुई।

साथ ही कवर्धा उप जेल में मुख्य दीवार की ऊंचाई बढ़ाने, केंद्रीय जेल अंबिकापुर और जगदलपुर में कैदियों के लिए बैरक एवं शौचालय निर्माण, जिला जेल दंतेवाड़ा में शौचालय निर्माण, जिला जेल सुकमा में मुख्य दीवारों के चारों ओर कंसर्टीना वायर फेंसिंग एवं वॉच टॉवर निर्माण तथा उप जेल बीजापुर में वॉच टॉवर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com