अहमदाबाद में छत्तीसगढ़ का इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम, टेक्सटाइल-फार्मा और फूड प्रोसेसिंग में बड़े निवेश के अवसर

छत्तीसगढ़ उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की ओर से अहमदाबाद में इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य गुजरात के उद्योग जगत के साथ औद्योगिक साझेदारी को मजबूत करना और दोनों राज्यों के बीच निवेश व व्यापारिक अवसरों का विस्तार करना है। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता, प्रगतिशील नीतियों और निवेश-अनुकूल माहौल को प्रदर्शित करेगा।
राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं, प्रोत्साहन योजनाओं और लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर की विशेषताओं पर प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में उद्योग स्थापित करना पहले की तुलना में अधिक सरल, तेज और लाभदायक हो गया है।
कार्यक्रम की मुख्य विशेषता निवेशकों और राज्य सरकार के प्रतिनिधियों के बीच वन-ऑन-वन बिजनेस मीटिंग्स रहेंगी। इन बैठकों का फोकस टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, फूड प्रोसेसिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निवेश और साझेदारी बढ़ाने पर रहेगा। इस दौरान राज्य सरकार प्रमुख निवेशकों को “इनविटेशन टू इन्वेस्ट” लेटर भी सौंपेगी, जिससे निवेश स्वीकृति और औद्योगिक सहयोग की प्रक्रिया को तेज किया जा सके।
छत्तीसगढ़ आज भारत के मध्य में एक तेजी से उभरता हुआ औद्योगिक केंद्र बनकर सामने आ रहा है। राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा, फूड टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स और फार्मा जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाएं मौजूद हैं। पारदर्शी प्रशासनिक प्रणाली, तैयार इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेशकों के लिए सहयोगी नीतियां राज्य को दीर्घकालिक निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बना रही हैं।
इस आयोजन से उम्मीद है कि छत्तीसगढ़ न केवल देश के भीतर बल्कि अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के बीच भी एक भरोसेमंद और भविष्य-सक्षम औद्योगिक राज्य के रूप में अपनी पहचान को और मजबूत करेगा।











