डीटीसी बस में सफर कर मुख्यमंत्री ने परखी नई सुविधा, महिलाओं से पिंक NCMC कार्ड बनवाने की अपील

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को सहेली पिंक एनसीएमसी कार्ड का उपयोग करते हुए डीटीसी बस में यात्रा की और इस डिजिटल सुविधा के जमीनी स्तर पर कामकाज का अनुभव लिया। इस दौरान उन्होंने बस में मौजूद महिला यात्रियों से बातचीत की और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस में चढ़ते ही कार्ड को मशीन पर टैप करना होता है, जिससे यात्रा तुरंत दर्ज हो जाती है। उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया तेज, आसान और पारदर्शी है, जिससे महिलाओं के लिए सफर पहले से ज्यादा सुविधाजनक हो गया है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर इस यात्रा से जुड़ी तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि बस में महिला कंडक्टर से बातचीत के साथ यात्रियों के साथ सेल्फी भी ली। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बस में मौजूद महिलाएं भी उत्साहित नजर आईं।

रेखा गुप्ता ने दिल्ली की महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि शहर के अलग-अलग केंद्रों पर सहेली पिंक एनसीएमसी कार्ड मुफ्त में बनाया जा रहा है। इसके लिए केवल आधार नंबर और मोबाइल नंबर के साथ पंजीकरण कराना होगा। कार्ड बनवाने के बाद महिलाएं डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकती हैं।

इस योजना का शुभारंभ 1 मार्च 2026 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘सशक्त नारी, समृद्ध दिल्ली’ कार्यक्रम में किया था। इस पहल के तहत डीटीसी बसों में महिला यात्रियों को दिए जाने वाले गुलाबी टिकटों की जगह पिंक नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड लागू किया गया है।

योजना के पहले दिन ही राजधानी में 3600 से अधिक महिलाओं को यह कार्ड जारी किए गए थे। इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाना और महिलाओं तथा ट्रांसजेंडर यात्रियों को मुफ्त यात्रा की सुविधा देना है। योजना का लाभ मुख्य रूप से दिल्ली की निवासी महिलाओं को मिलेगा, जिनके आधार कार्ड पर दिल्ली का पता दर्ज है।

close