मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायगढ़-जशपुर दौरे पर, शिव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा व बिरसा मुंडा प्रतिमा अनावरण में होंगे शामिल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायगढ़ और जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11 बजे रायपुर से रवाना होकर रायगढ़ पहुंचेंगे। यहां वे 12:30 बजे शिव मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होंगे।
रायगढ़ में धार्मिक आयोजन में सहभागिता
मुख्यमंत्री साय रायगढ़ पहुंचने के बाद शिव मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में पूजा-अर्चना करेंगे और श्रद्धालुओं को संबोधित भी कर सकते हैं। इस आयोजन को लेकर स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जशपुर में बिरसा मुंडा प्रतिमा का अनावरण
रायगढ़ के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:30 बजे जशपुर के लिए रवाना होंगे। जशपुर पहुंचकर वे 2:30 बजे धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा अनावरण समारोह में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।











