छत्तीसगढ़ से अलग बस्तर राज्य की मांग पर CM साय का बड़ा बयान, बोले- मांग करने वाले विकास विरोधी

रायपुर। छत्तीसगढ़ से अलग बस्तर राज्य बनाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने अलग बस्तर राज्य की मांग करने वालों को विकास विरोधी बताया। सीएम साय ने कहा कि डबल इंजन सरकार में नक्सलवाद के खात्मे का असंभव काम संभव हुआ है।

मुख्यमंत्री दो दिवसीय दिल्ली दौरे के बाद शुक्रवार को रायपुर लौटे। इस दौरान उन्होंने जल शक्ति मंत्रालय की बैठक में हिस्सा लिया और केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की। रायपुर एयरपोर्ट पर जन्माष्टमी के मौके पर बड़ी संख्या में लोगों ने उनका स्वागत किया।

जल शक्ति मंत्रालय की बैठक को लेकर सीएम साय ने बताया कि ‘जल संचय जन भागीदारी अभियान’ में छत्तीसगढ़ देश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कहा कि राज्य के पांच जिले देश के टॉप-10 जिलों में शामिल हैं। उनका लक्ष्य बारिश की हर बूंद को सहेजकर आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षित करना है।

अलग बस्तर राज्य की मांग पर सीएम साय ने कहा कि नक्सली बस्तर में सड़क, स्कूल और विकास कार्यों में बाधा डालते थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सुरक्षा जवानों के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। उनके मुताबिक, अलग बस्तर राज्य की मांग करने वाले विकास विरोधी बातें कर रहे हैं और ऐसी मांग छत्तीसगढ़ के हित के खिलाफ है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close