NEET पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस सड़कों पर, पलारी में पुतला दहन और छात्रों के समर्थन में कैंडल मार्च

बलौदाबाजार जिले के पलारी में नीट पेपर लीक मामले और छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी और युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने रेस्ट हाउस से बस स्टैंड तक रैली निकाली और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
बस स्टैंड पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर रखी थी। आसपास की दुकानों में पानी से भरी बाल्टियां भी रखवाई गई थीं, लेकिन कार्यकर्ताओं ने पुतले में आग लगा दी।
करीब 75 प्रतिशत जलने के बाद पुलिस ने पानी डालकर पुतले को अपने कब्जे में ले लिया।
‘छात्रों की आवाज दबाई जा रही’
कसडोल विधायक संदीप साहू ने किया। उन्होंने जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के हितों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।
दोषियों पर कार्रवाई तक आंदोलन जारी रहेगा
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्रा घृतलहरे ने कहा कि जब तक छात्रों की मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह देश के युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों की लड़ाई है।
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष हितेंद्र ठाकुर और जिला पंचायत सदस्य रवि बंजारे ने कहा कि युवाओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों और आंदोलन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई की आलोचना की।
हरिका राव नायडू को दी श्रद्धांजलि
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीट पेपर लीक मामले से मानसिक रूप से आहत होकर आत्महत्या करने वाली जगदलपुर की छात्रा हरिका राव नायडू की स्मृति में कैंडल मार्च निकाला। इसके बाद सभी कार्यकर्ता शहीद युगल किशोर वर्मा स्मारक पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की।











