रायपुर में कांग्रेस का धरना जारी, 16 घंटे से थाने में जमे नेता-कार्यकर्ता; पुलिस अफसरों से वार्ता, काउंटर FIR की मांग

रायपुर के खम्हारडीह थाने के सामने कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता 17 घंटे से ज्यादा समय से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। यह धरना भाजपा-कांग्रेस बवाल के बाद कांग्रेस के 12 नेताओं और कई कार्यकर्ताओं पर गैर-जमानती धाराओं में दर्ज FIR के विरोध में किया जा रहा है। कांग्रेस की मांग है कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर भी काउंटर FIR दर्ज की जाए।

प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज समेत कई नेता और कार्यकर्ता थाने के बाहर डटे हुए हैं। देर रात कांग्रेसियों ने टेंट का सामान मंगवाकर दरी, कालीन और गद्दे बिछाए और सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी कर रहे हैं।

शुक्रवार सुबह पुलिस अधिकारियों और कांग्रेस नेताओं के बीच बैठक जारी है। इसमें मध्य जोन DCP तारकेश्वर पटेल, नॉर्थ जोन DCP दीपमाला कश्यप, ADCP आदित्य पांडे और ACP पूर्णिमा लांबा मौजूद हैं। कांग्रेस की ओर से दीपक बैज, सह प्रभारी जरिता लैतफलांग, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदू, सुशील आनंद शुक्ला, सत्यनारायण शर्मा और कुलदीप जुनेजा शामिल हैं।

बीजेपी के खिलाफ हमारी लड़ाई आर-पार- बैज

दीपक बैज ने कहा कि, बीजेपी के खिलाफ हमारी लड़ाई आर-पार की है। सच्चाई, युवाओं और छात्रों के लिए लड़ाई है। यह लड़ाई हम लड़ेंगे। पूरे देश में प्रदर्शन चल रहा है, इसलिए सरकार बौखला गई है। आपके FIR से न कोई डरा है, न कोई डरेगा।

दीपक बैज ने कहा कि पत्थरबाजी के लिए भाजपा नेताओं ने ही कार्यकर्ताओं को उकसाया था। उन्होंने कहा कि जब तक काउंटर FIR दर्ज नहीं होगी, धरना जारी रहेगा। वहीं ACP पूर्णिमा लांबा ने कहा कि कांग्रेस की ओर से आवेदन मिला है, उसकी जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैज ने आगे कहा कि हम एकपक्षीय कार्रवाई से सहमत नहीं है। पुलिस कह रही है कि जांच करेंगे। फिर बिना जांच किए कार्रवाई कैसे हुई। आप सीसीटीवी फुटेज लाइए, बैठकर देखेंगे कि, पुलिसकर्मियों को जो पत्थर लगा है, वह किसकी ओर से आया है।

जब तक FIR नहीं होगी, तब तक यहां बैठे रहेंगे

क्योंकि, जूते-चप्पल, बॉटल बीजेपी की तरफ से फेंका गया है। हमारे कार्यालय का घेराव करने आए, पत्थर भी हम खाए और एफआईआर भी हमारे ऊपर ही हुआ। जब तक बीजेपी के खिलाफ भी FIR नहीं होती है, तब तक हम यहां बैठे रहेंगे। फिलहाल, कांग्रेस नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच बातचीत का दौर जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com