राजस्थान: गैस संकट और बढ़ती कीमतों को लेकर डीडवाना में कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम मोदी का फूंका पुतला

डीडवाना-कुचामन: जिले में रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और एलपीजी की कथित किल्लत को लेकर शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जिला कलेक्टर आवास के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंककर अपना आक्रोश जताया.

धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं मकराना विधायक जाकिर हुसैन गैसावत ने किया. इस दौरान डीडवाना के पूर्व विधायक चेतन डूडी, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष मुश्ताक खान खात्यासनी, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष कोमल लाडना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.

धरने को संबोधित करते हुए मकराना विधायक जाकिर हुसैन गैसावत ने कहा कि देश में रसोई गैस का संकट और कीमतों में लगातार बढ़ोतरी केंद्र सरकार की गलत नीतियों का परिणाम है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति की अदूरदर्शिता के कारण देश को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है. गैसावत ने कहा कि पारंपरिक मित्र देशों से दूरी और अंतरराष्ट्रीय हालातों को सही तरीके से नहीं समझ पाने के कारण आज देश में एलपीजी गैस की स्थिति बिगड़ती नजर आ रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यही हालात रहे तो आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पर भी संकट खड़ा हो सकता है.

पूर्व विधायक चेतन डूडी ने कहा कि गैस की किल्लत आमजन के लिए गंभीर समस्या बन चुकी है. गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग के लोग घंटों तक गैस एजेंसियों के बाहर लाइनों में खड़े रहने को मजबूर हैं, फिर भी उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा. उन्होंने कहा कि कई जगह होटल और ढाबों के सामने भी गैस संकट के कारण कामकाज प्रभावित हो रहा है. वहीं गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों से आमजन की जेब पर भारी बोझ पड़ा है.

अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष मुश्ताक खान खात्यासनी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम आदमी का जीवन कठिन होता जा रहा है. उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ने से घर-घर की रसोई का बजट बिगड़ गया है और सरकार को तुरंत इस पर नियंत्रण करना चाहिए.

महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष कोमल लाडना ने कहा कि गैस की बढ़ती कीमतों और किल्लत का सबसे ज्यादा असर महिलाओं पर पड़ रहा है. घर का बजट संभालना मुश्किल हो गया है और कई परिवारों को मजबूरी में दोबारा लकड़ी या अन्य पारंपरिक ईंधन का सहारा लेना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही राहत नहीं दी तो कांग्रेस आमजन के हित में अपना आंदोलन और तेज करेगी.


धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गैस संकट व बढ़ती कीमतों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया. नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आमजन की समस्याओं और उनके अधिकारों की आवाज उठाने के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी.

close