PM आवास के पास कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, राहुल-प्रियंका समेत कई नेता धरने पर बैठे

पेपर लीक के मुद्दे पर विपक्षी दल कांग्रेस सरकार पर हमलावर है. मॉनसून सत्र के दूसरे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी समेत कई बड़े नेता पीएम आवास के सामने धरने पर बैठ गए हैं. ये सभी नेता शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. धरने पर बैठने से पहले इन सभी नेताओं ने संसद से पीएम आवास तक मार्च निकाला.

राहुल गांधी ने धरने का वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, कल युवा छात्रों के साथ हुई बर्बरता के बारे में जवाब मांगने के लिए हम प्रधानमंत्री मोदी के घर तक मार्च कर रहे हैं. सरकार न तो इसकी कोई जिम्मेदारी लेना चाहती है और न ही संसद में इस पर कोई बहस करना चाहती है.भारत के युवाओं का भविष्य बर्बाद किया जा रहा है.

इससे पहले राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि देश का छात्र कह रहा है, हमारा कोई भविष्य नहीं रह गया है. लेकिन इस सरकार के मंत्री कह रहे हैं हमारी कुर्सी नहीं जाएगी. राहुल ने कहा कि जिस देश में छात्र भविष्य खो दे और मंत्री कुर्सी न खोए – वहां न्याय है ही नहीं. राहुल ने कहा कि सरकार जिम्मेदारी नहीं लेना चाहती है. जबकि पीएम मोदी को दोनों सदनों में इस बात रखनी चाहिए. लेकिन सरकार जिम्मेदारी नहीं ले रही है.

प्रतियोगी परीक्षा व्यवस्था हो चुकी बर्बाद

इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि देश के युवाओं के लिए कोई अवसर नहीं हैं और उनके लिए सभी रास्ते बंद हो गए हैं. एक समय प्रतियोगी परीक्षाओं का रास्ता खुला था, लेकिन वह व्यवस्था भी बर्बाद हो चुकी है. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की शिकायतें सिर्फ शिक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके भविष्य से भी जुड़ी हैं.

कुछ बड़े कारोबारियों का शिक्षा व्यवस्था पर कब्जा

राहुल गांधी ने कहा कि, छात्रों को लगता है कि शिक्षा व्यवस्था पर पूरी तरह से कुछ बड़े कारोबारियों और एक संस्था का कब्जा हो गया है. उन्होंने जोर देकर कहा कि यह मुद्दा युवाओं के भविष्य से जुड़ा है और सिर्फ शिक्षा के दायरे से कहीं आगे की बात है. पूरे भारत में छात्र कह रहे हैं कि देश में उनका कोई भविष्य नहीं है. यह एक जायज चिंता है. जिस पर सरकार को सामने आकर जवाब देना चाहिए.

कांग्रेस नेताओं ने सांकेतिक रूप से हथकड़ी लगाई

प्रदर्शन के दौरान खरगे, राहुल समेत कई कांग्रेस नेताओं ने सांकेतिक रूप से हथकड़ी लगाई है. इस बीच राहुल गांधी से पुलिस बात कर रही है. इस दौरान सुखजिंदर सिंह रंधावा, चरणजीत सिंह चन्नी समेत कई कांग्रेसी नेताओं को पुलिस हिरासत में लिया गया है. पुलिस अब राहुल गांधी से धरना खत्म किए जाने की बात कर रही है. पुलिस ने धरना स्थल के पास दो बसों को लगाया है. माना जा रहा है कि पुलिस अब सभी कांग्रेसियों को हिरासत में लेने की तैयारी कर रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com