कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस फोर्स के घेरे में कलेक्ट्रेट:वाटर केनन और टियर गैस गन भी तैनात, डोटासरा-जूली करेंगे सभा

बीकानेर के पीबीएम हॉस्पिटल में प्रसूताओं की मौत और अव्यवस्थाओं के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता जुट रहे हैं। कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर बैरिकेडिंग की गई है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा आरएसी, स्पेशल पुलिस फोर्स और शहर के सभी थाना प्रभारियों को भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगाया है। मौके पर वाटर केनन और आंसू गैस के गोले छोड़ने वाली मशीन भी तैनात की गई है।
प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. बी.डी. कल्ला सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कांग्रेस की शहर और देहात इकाइयों ने बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल होंगे। सभा करने के बाद कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
यूथ कांग्रेस निकालेगी रैली
शहर अध्यक्ष भंवर कूकणा ने बताया – प्रदर्शन में दो हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होंगे। कार्यकर्ता सर्किट हाउस के बाहर एकत्रित होंगे। वहां से रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्य प्रदर्शन में शामिल होंगे। कूकणा इस आंदोलन से शुरुआत से जुड़े हुए हैं।
दो प्रसूताओं की मौत, एक वेंटिलेटर पर
पीबीएम अस्पताल में अब तक दो प्रसूताओं की मौत हो चुकी है। प्रीति और शारदा नायक की मौत के बाद कांग्रेस लगातार सरकार और अस्पताल प्रशासन को घेर रही है। वहीं एक अन्य प्रसूता कमला की हालत गंभीर होने पर उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। इमरती नाम की एक अन्य प्रसूता अब भी अस्पताल में भर्ती है, जबकि तीन प्रसूताओं को पहले ही अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।











