रायपुर में बाइक टक्कर से भड़का विवाद, दो पक्षों में झड़प के बाद इलाके में तनाव

रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बाइक टक्कर को लेकर शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते मारपीट में बदल गया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, बढ़ई पारा के कुछ नाबालिगों की बाइक की टक्कर मोमिन पारा के युवकों से हो गई। इस बात को लेकर रात करीब साढ़े 10 से 11 बजे के बीच दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई, जो धीरे-धीरे बढ़कर झड़प में बदल गई। विवाद में दोनों पक्षों के अन्य लोग भी शामिल हो गए और लाठी-डंडों से मारपीट होने लगी।

इस घटना में तीन युवकों के सिर फट गए, जबकि दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। मारपीट के दौरान धारदार हथियारों के इस्तेमाल की भी बात सामने आई है।

घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हालात को काबू में किया।

दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com