‘टॉक्सिक’ के गाने पर मचा विवाद, कियारा आडवाणी की फीस और इंटीमेट सीन्स बने चर्चा का विषय

सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ रिलीज से पहले ही चर्चा में है। हाल ही में फिल्म का नया गाना ‘तबाही’ जारी किया गया, जिसमें यश और कियारा आडवाणी की रोमांटिक केमिस्ट्री दिखाई गई है। गाने में मौजूद इंटीमेट सीन्स को लेकर सोशल मीडिया पर फिल्म के कलाकारों और निर्माताओं को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि फिल्म 26 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। लंबे समय तक टलने के बाद अब इसकी रिलीज डेट तय हो चुकी है। गाने के सामने आने के बाद दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता के साथ-साथ बहस भी तेज हो गई है।

फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, रुक्मिणी वसंत, हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। कियारा फिल्म में यश की प्रेमिका ‘नादिया’ का किरदार निभा रही हैं। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने फिल्म में महिलाओं के प्रस्तुतीकरण और इंटीमेट दृश्यों को लेकर सवाल उठाए हैं, जिसके चलते निर्देशक गीतू मोहनदास भी आलोचनाओं के घेरे में हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कियारा आडवाणी ने इस फिल्म के लिए करीब 15 करोड़ रुपये फीस ली है, जो अब तक उनके करियर की सबसे बड़ी फीस बताई जा रही है। वहीं, यश फिल्म के सह-निर्माता भी हैं और उनके प्रॉफिट शेयरिंग मॉडल पर काम करने की चर्चा है। कुछ रिपोर्ट्स में उनके लगभग 50 करोड़ रुपये पारिश्रमिक लेने का दावा भी किया गया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

‘केजीएफ 2’ के बाद यश की यह पहली रिलीज फिल्म होगी। इसके अलावा वह इस वर्ष दिवाली पर रिलीज होने वाली फिल्म ‘रामायण’ में रावण की भूमिका निभाते नजर आएंगे। ऐसे में वर्ष 2026 यश के करियर के लिए बेहद अहम माना जा रहा है और फिल्म ‘टॉक्सिक’ के प्रदर्शन पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com