दुर्ग रसमड़ा में 6 लाख का कॉपर केबल चोरी, 12 घंटे में पुलिस ने पकड़े 7 आरोपी

दुर्ग जिले के रसमड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में हुए 6 लाख रुपये के कॉपर केबल चोरी के मामले में पुलगांव पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया 100 मीटर कॉपर केबल, एक टाटा एस वाहन और दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामला 7 नवंबर की सुबह का है, जब बीवी इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के सुपरवाइजर वसीम अली ने पुलगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि रसमड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में कल्याणी कंपनी के निर्माणाधीन सब स्टेशन के गोदाम से 100 मीटर एशियन कॉपर केबल का बंडल चोरी हो गया है, जिसकी कीमत करीब 6 लाख रुपये है।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी की और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान पुलगांव चौक के पास एक टाटा एस (CG-07-CX-5138) वाहन मिला, जो तिरपाल से ढका हुआ था। वाहन के साथ दो मोटरसाइकिलें भी थीं। पुलिस ने शक के आधार पर वाहन रोका और तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में कॉपर केबल बरामद हुआ।
वाहन चालक की पहचान हेमराज ढीमर के रूप में हुई, जबकि अन्य आरोपियों में केवेंद्र पटेल, छोटा पटेल, किशन कुमार ठाकुर, रहमान लाल श्रीवास, देवेंद्र उर्फ नन्नी निर्मलकर, ओमप्रकाश यादव और निखिल साहू शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 1 नवंबर की रात वे गिरोह के सरगना के निर्देश पर चोरी की योजना बनाकर निकले थे। उन्होंने निर्माणाधीन सब स्टेशन के पास रखे केबल ड्रम को चिन्हित कर बड़े कैंचे से करीब 100 मीटर केबल काटा और वाहन में लादकर फरार हो गए।
चोरी किया गया माल बाद में केवेंद्र पटेल के घर में छिपाया गया था। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माल जब्त कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश की जा रही है और इस चोरी में शामिल अन्य लोगों पर भी जल्द कार्रवाई होगी।











